घर के बाहर पेशाब करने से रोकने पर हत्या, पुलिस ने दो लोगों को किया गिरफ्तार

Font Size

नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में थप्पड़ मारने के बदले में एक शख्स की हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ये दोनों भाई हैं। मृत शख्स का नाम लीलू है और पुलिस के रिकॉर्ड में उसका कैरेक्टर खराब पाया गया है। लीलू पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। घटना रविवार देर रात की है।

दरअसल लीलू और उसकी पत्नी पिंकी रविवार रात इलाके में लाइट चले जाने के चलते घर के बाहर बैठे थे। इतने में 65 साल का शख्स उनके घर के बाहर सड़क किनारे पेशाब करने लगा। लीलू ने उसे रोका और बहस में थप्पड़ जड़ दिया। इतने में बुजुर्ग के दोनों बेटे वहां पहुंच गए। लीलू और दोनों लड़कों के बीच बहस इतनी गर्मायी की उन्होंने लीलू को पीटना शुरू कर दिया। उन्होंने उसे इस कदर पीटा कि उसकी मौत हो गई।

दोनों आरोपी भाइयों में से एक ने बहस और झगड़े के बीच सड़क से एक सीमेंट का स्लैब उठाया और लीलू के सिर पर दे मारा। वह लीलू को तब तक मारता रहा जबतक वह पूरी तरह से बेहोश नहीं हो गया। लीलू को आनन फानन में एम्स अस्पताल ले जाया गया। यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। बता दें कि लीलू पर लूट और चोरी के कई मामले दर्ज थे।

You cannot copy content of this page