राजौरी में एलओसी के पास पाकिस्तान की गोलीबारी में किशोर घायल

Font Size

जम्मू। जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास पाकिस्तानी सेना ने संघर्षविराम का एक बार फिर उल्लंघन करते हुए रविवार को छोटे हथियारों से गोलीबारी की जिसमें एक किशोर घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि आधी रात के समय नौशेरा क्षेत्र में एलओसी के उस पार से गोलीबारी शुरू हो गयी जिसका जवाब भारतीय सेना ने भी दिया।

उन्होंने बताया कि पाकिस्तान की ओर से आई गोली लगने से मोहम्मद इसहाक (18) घायल हो गया। वह पोखरणी गांव में अपने घर में सोया हुआ था। अधिकारी ने कहा कि घायल किशोर को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। उसकी हालत स्थिर बताई जाती है। उन्होंने कहा कि दोनों ओर से गोलीबारी कुछ घंटे तक चली।

व्हाइट नाइट कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल परमजीत सिंह ने राजौरी में पत्रकारों को बताया था कि पाकिस्तानी सेना ने संघर्षविराम उल्लंघन के दौरान 100 से ज्यादा बार मोर्टार और तोपों जैसे भारी हथियारों का इस्तेमाल किया और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया, लेकिन भारतीय सेना ने उसका मुंहतोड़ जवाब दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना पाकिस्तानी सेना को मुंहतोड़ जवाब दे रही है।

Table of Contents

You cannot copy content of this page