फर्नीचर और सामान के निर्यात में 27.13% जबकि सजावटी वस्तुओं के निर्यात में 15.19% की वृद्धि

Font Size

नोएडा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आज होम एक्सपो इंडिया 2019 का शुभारंभ हुआ। इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद (ईपीसीएच) द्वारा किया गया है।

इस वर्ष की होम एक्सपो प्रदर्शनी में चुनिंदा प्रदर्शक, सर्वोत्तम उत्पाद और आमंत्रित क्रेता मुख्‍य आकर्षण है। अमेरिका, यूरोप, अर्जेंटीना, ब्राजील, चिली, कोलम्बिया, संयुक्त अरब अमीरात, लेबनान, ईरान, नाइजीरिया, घाना, दक्षिण अफ्रीका, वियतनाम और रोमानिया सहित 50 से ज्यादा देशों के खरीददार होम एक्सपो का अवलोकन करेंगे।

होम एक्सपो इंडिया गृहसज्जा, फर्नीशिंग, फर्नीचर, फ्लोरिंग और वस्त्र में अधिकतम प्रेरक शक्ति और वृद्धि की अपार संभावनाओं वाले क्षेत्रों को कवर करती है। इन श्रेणियों के अतंर्गत स्थायी बाजार वाली लगभग 500 कंपनियां 16 से 18 अप्रैल, 2019 तक अत्याधुनिक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में अपने उत्पादों के संग्रह का प्रदर्शन करेंगी।

होम एक्सपो इंडिया के दौरान पूर्वोत्तर क्षेत्र और अन्य कारीगरों का थीमैटिक प्रदर्शन भी आगंतुकों को आकृष्ट करेगा।

पिछले साल फर्नीचर और सामान के निर्यात में 27.13%, घरेलू सामान और सजावटी वस्तुओं के निर्यात में 15.19%, गृहसज्जा, फ्लोरिंग और होम टेक्सटाइल में 6.3% की वृद्धि हुई। वर्ष 2018-19 के दौरान हस्तशिल्प निर्यात 26,590.25 करोड़ [अनंतिम] रुपये था जिसमें पिछले वर्ष की तुलना में 15.46% वृद्धि दर्ज की गई।

भारत में हस्तशिल्प के लिए नोडल निर्यात संवर्धन निकाय ईपीसीएच हस्तशिल्प के व्यापार को बढ़ावा देने के मुख्य उद्देश्य के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और विश्व बाजार में भारत की छवि एक विश्वसनीय आपूर्तिकर्ता के रूप में भी प्रस्तुत करती है।

You cannot copy content of this page