पंजाब में गठबंधन के मुद्दे पर कांग्रेस से नहीं बनी बात, आप ने तय किए उम्मीदवार

Font Size

नई दिल्ली : आप ने पंजाब में कांग्रेस के साथ गठबंधन के मुद्दे पर बात नहीं बन पाने के बाद पंजाब की तीन सीटों (भटिंडा, खजूर साहिब और लुधियाना) पर उम्मीदवारों के नाम तय कर लिये हैं। आप के सूत्रों के अनुसार उम्मीदवारों की घोषणा अगले एक दो दिन में कर दी जायेगी। उम्मीदवारों के नाम तय करने के लिये आप की पंजाब इकाई के प्रभारी मनीष सिसोदिया की अध्यक्षता में मंगलवार को बैठक हुयी।

सिसोदिया के आवास पर हुयी बैठक में आप की पंजाब इकाई के संयोजक भगवंत सिंह मान सहित अन्य नेता मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि आप ने पंजाब की 13 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस के साथ चुनावी गठबंधन की उम्मीद को देखते हुये इन तीन सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित नहीं किये थे।

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पहले ही राज्य में किसी दल के साथ गठबंधन की जरुरत से इंकार करते हुये कांग्रेस के अपने बलबूते चुनाव लड़ने का सुझाव पार्टी नेतृत्व को दे चुके हैं। सिंह के मना करने के बाद आप नेतृत्व ने कांग्रेस के समक्ष दिल्ली में गठबंधन के लिये हरियाणा और चंडीगढ़ में भी गठबंधन की शर्त रख दी है।

इस बीच कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि दिल्ली और हरियाणा में दोनों दलों के बीच गठबंधन के मुद्दे पर पार्टी के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल की अध्यक्षता में बैठक हुयी। समझा जाता है कि बैठक में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा और प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर सहित अन्य नेता मौजूद थे।

Table of Contents

You cannot copy content of this page