लोकसभा स्तर की जनसभा में पहुंचेंगे नवीन जयहिंद : महेश यादव

Font Size

आम आदमी पार्टी की गुरुग्राम में लोकसभा स्तर की जनसभा का आयोजन रविवार को

 
गुरुग्राम। आम आदमी पार्टी की गुरुग्राम की लोकसभा की जनसभा का आयोजन रविवार को किया जाएगा। भीमनगर में होने वाली इस जनसभा में प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित होंगे। कार्यक्रम में गुरुग्राम, नूंह व रेवाड़ी जिले के कार्यकर्ता पहुंचेंगे।
 
आम आदमी पार्टी गुरुग्राम के जिलाध्यक्ष महेश यादव ने बताया कि जनसभा का आयोजन ‘हरियाणा जोड़ो अभियान’ के तहत किया जाएगा। इसमें गुरुग्राम लोकसभा क्षेत्र के सभी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ अभियान के तहत पार्टी के साथ जुड़े लोग भी शामिल होंगे। उनके अनुसार इस जनसभा में प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद कार्यकर्ताओं को आगे की रणनीति के बारे में बताएंगे तथा सभी तबकों तक पहुंच बनाने, उनकी समस्याएं उठाने व संगठित करने से संबंधित चर्चा करेंगे।
 
महेश यादव ने कहा कि आम आदमी पार्टी की योजना है कि दिल्ली की तर्ज पर हरियाणा का विकास हो इसीलिए पार्टी ने प्रदेशभर की सभी 90 विधानसभा व 10 लोकसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने का अभियान चला रखा है। इसी क्रम में संगठन को मजबूत भी किया जा रहा है और सक्रिय कार्यकर्ताओं की संख्या संगठन में बढ़ाई जा रही है। महेश यादव के अनुसार जनसभा में प्रसिद्ध वीर रस के कवि शहनवाज हिंदुस्तानी भी विशेष रूप से आमंत्रित किए हैं।
 
उन्होंने बताया कि गुरुग्राम लोकसभा के नूंह व रेवाड़ी जिले के कार्यकर्ता भी इस जनसभा में पहुंचेंगे। आयोजन को सफल बनाने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को निजी तौर पर पहुंचकर इस कार्यक्रम में पहुंचने का न्यौता दिया गया है।
 

You cannot copy content of this page