स्वतंत्रता दिवस के मुख्य अतिथियों की सूची जारी, राज्यपाल यमुनानगर जबकि सीएम हिसार में फहरायेंगे तिरंगा

Font Size
गुरुग्राम में कविता जैन और फरीदाबाद कृष्णलाल पंवार होंगे मुख्य अतिथि

चण्डीगढ़, 31 जुलाई- हरियाणा में 15 अगस्त, 2018 को स्वतंत्रता दिवस गौरवपूर्ण ढंग से मनाया जाएगा तथा राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी यमुनानगर में जबकि मुख्यमंत्री मनोहर लाल हिसार में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। हरियाणा राजभवन, चण्डीगढ़ में इसी दिन सायंकाल ‘एट होम’ का भी आयोजन किया जाएगा।

आज यहां यह जानकारी देते हुए एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष कंवर पाल झज्जर में तथा उपाध्यक्ष संतोष यादव रोहतक में राष्ट्रीय ध्वज फहरायेंगे। शिक्षा मंत्री राम बिलास शर्मा पलवल, वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु सोनीपत में, कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ जींद में, स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज चरखी दादरी में, लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह कुरुक्षेत्र में, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन गुरुग्राम में तथा परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार फरीदाबाद में ध्वजारोहण करेंगे।
इसी प्रकार, उद्योग मंत्री विपुल गोयल कैथल में, सहकारिता राज्य मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर पंचकूला में, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण कुमार बेदी पानीपत में, खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री कर्ण देव काम्बोज महेन्द्रगढ़ (नारनौल) में, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी राज्य मंत्री डॉ बनवारी लाल फतेहाबाद में, खान एवं भू-विज्ञान राज्य मंत्री नायब सिंह सैनी भिवानी व विधायक (मुख्य सचेतक) ज्ञान चंद गुप्ता करनाल में ध्वजारोहण करेंगे।
उन्होंने बताया कि अम्बाला मण्डल के आयुक्त विवेक जोशी अम्बाला में, फरीदाबाद मण्डल के आयुक्त जी.अनुपमा नूंह में, गुरुग्राम मण्डल के आयुक्त डी.सुरेश रेवाड़ी में और हिसार मण्डल के आयुक्त राजीव रंजन सिरसा में ध्वजारोहण करेंगे।
प्रवक्ता ने बताया कि यदि कोई महानुभाव उक्त स्थानों पर किसी कारणवश नहीं पहुंच पाता है तो सम्बन्धित उपायुक्त ध्वजारोहण करेंगे तथा जिन जिलों में किसी की भी ड्यूटी नहीं लगाई गई है तो वहां संबंधित उपायुक्त ध्वजारोहण करेंगे। उन्होंने बताया कि शेष उपमंडल/तहसील मुख्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज सम्बन्धित उपमंडल अधिकारी (नागरिक) व तहसीलदार द्वारा फहराया जाएगा। मण्डल, जिला, उप-मण्डल, तहसील मुख्यालयों पर पुलिस परेड का आयोजन किया जाएगा, जिन स्थानों पर परेड के लिए पुलिस बल पर्याप्त संख्या में उपलब्ध न हो तो वहां परेड में पुलिस बल के साथ-साथ होमगार्ड, राष्ट्रीय केडैट कोर के जवानों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालयों, महाविद्यालयों व विश्वविद्यालयों में इसी दिन विशेष उत्सवों का आयोजन के साथ ही सामूहिक राष्ट्रगान भी किया जाए। इसी प्रकार, राष्ट्रीय ध्वज सभी सरकारी भवनों पर फहराया जाएगा।

You cannot copy content of this page