अयोध्या में रामायण संग्रहालय राम का काम : महेश शर्मा

Font Size

प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण करने अयोध्या पहुंचे केन्द्रीय पर्यटन मंत्री

अयोध्या  : प्रमुख धार्मिक शहर अयोध्या में रामायण संग्रहालय के निर्माण का प्रस्ताव भाजपा का राजनीतिक एजेंडा नहीं है. वे भाग्यशाली हैं, जिन्हें ‘राम का काम’ करने का अवसर मिलता है। यह विचार रामायण संग्रहालय की स्थापना के लिए प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण करने अयोध्या पहुंचे केन्द्रीय पर्यटन मंत्री महेश शर्मा ने व्यक्त किया.

 

पीएम भी कर रहे हैं राम का कम

उन्होंने कहा कि यदि किसी को भगवान राम का काम करने का अवसर मिलता है तो वह अत्यंत भाग्यशाली है। शर्मा ने कहा कि यह हमारे लिए भाग्य की बात है अगर भगवान राम हमें राम का काम करने का मौका देते हैं.. और देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उसकी शुरूआत कर दी है।

उन्होंने देश में विकास के काम को गति देना भी राम का काम बताते हुए कहा कि युवा पढ लिखकर काबिल बनें और उन्हें रोजगार मिले, ये जिम्मेदारी भी राम का काम है। रामायण की शिक्षा की चर्चा करते हुए शर्मा ने कहा कि कुछ मामले  है जिनमें राज्यों की ओर से प्रस्ताव आने चाहिए. कभी कभी हमारे हाथ बंध जाते हैं. इस समस्या का भी समाधान जल्द हो जाएगा।

 

राम लला का आदेश

 

उन्होंने दावा किया कि अब मन बन चुका है, माहौल भी तैयार है। हमें राम लला का आदेश मिल चुका है। हम भगवान की संतान हैं और इसीलिए ज्ञान के प्रसार के उनके कार्य को हमें करना है। केंद्रीय संस्कृति व पर्यटन मंत्री ने संग्रहालय के लिए प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण करने के लिए अयोध्या का दौरा किया।

केवल ‘लालीपाप’ थमाया जा रहा है : कटियार

 

दूसरी तरफ भाजपा सांसद विनय कटियार ने मांग की है कि राम मंदिर निर्माण के लिए लोकसभा में विधेयक लाया जाना चाहिए। उन्होंने मंगलवार को कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए कोई सकारात्मक प्रयास नहीं किया जा रहा है। राम भक्तों को केवल ‘लालीपाप’ थमाया जा रहा है।

भाजपा नेता ने कहा, ‘दौड़ चल रही है, कोई संग्रहालय बना रहा है तो कोई अन्य रामलीला थीम पार्क बना रहा है। हम अयोध्या के इन घटनाक्रम का स्वागत करते हैं लेकिन राम मंदिर निर्माण के बिना सब बेकार है। हम उस पर समझौता नहीं कर सकते।

You cannot copy content of this page