अब गुरुग्राम से चंडीगढ़ जाने वाली 4 बसें आईएसबीटी नहीं जाएंगी

Font Size
गुरुग्राम, 09 मई। गुरुग्राम से चण्डीगढ़ जाने वाली राज्य परिवहन की चार बसें दिल्ली आईएसबीटी पर ना जाकर सीधे धौला कुआं-आजादपुर मण्डी के रास्ते चण्डीगढ़ जाएंगी, जिससे यात्रियों का काफी समय बचेगा।
इन चार बसों में दो साधारण तथा दो वोल्वो बसें हैं। गुरुग्राम के राज्य परिवहन डीपो के महाप्रबंधक महावीर प्रसाद ने बताया कि गुरुग्राम से प्रात: 4 बजे तथा प्रात: 4:50 बजे चलने वाली साधारण बस दिल्ली आईएसबीटी नहीं जाएगी। ये बसें गुरुग्राम से चलकर धौला कुआं होते हुए आजादपुर मण्डी के रास्ते चण्डीगढ़ जाएंगी। ये दोनो बसें साधारण किस्म की हैं। 
उन्होंने बताया कि गुरुग्राम से चण्डीगढ़ जाने वाली दो वोल्वो बसें, प्रात: 3:30 बजे तथा प्रात: 5:30 बजे चलने वाली बसें गुरुग्राम से चलकर एयरपोर्ट-धौला कुंआ-आजादपुर मण्डी-करनाल बाईपास के रास्ते चण्डीगढ़ जाएंगी। इन दो समय पर चलने वाली दोनो वोल्वो बसें दिल्ली आईएसबीटी नहीं जाएंगी जिससे यात्री अपेक्षाकृत कम समय में गुरुग्राम से चण्डीगढ़ पहुंच पाएंगे और उनके यात्रा के समय में बचत होगी। 
महावीर प्रसाद ने बताया कि गुरुग्राम के कुछ यात्री समय की बचत करने के लिए शताब्दी ट्रेन से जाते हैं लेकिन कई बार उन्हें शताब्दी की टिकट नहीं मिल पाती। ऐसे यात्रियों को राज्य परिवहन की इन चार बसों से काफी राहत मिलेगी। वे अब इन बसों में यात्रा करके जल्द चण्डीगढ़ पहुंच पाएंगे। 
उन्होंने बताया कि गुरुग्राम से प्रतिदिन 20 वोल्वो बसें तथा 14 साधारण बसें चण्डीगढ़ जाती हैं। ये सभी बसें दिल्ली आईएसबीटी होती हुई जाती हैं, जिससे यात्रियों का एक से डेढ़ घंटा ज्यादा लगता है। अब यात्रियों की सुविधा को देखते हुए चार बसों, जिनमें दो साधारण तथा दो वोल्वो बस शामिल हैं, को आईएसबीटी ना भेजकर सीधे चण्डीगढ़ ले जाने का निर्णय लिया गया है।

You cannot copy content of this page