करनाल में मेडिकल यूनिवर्सिटी व जीन्द में मेडिकल कालेज

Font Size

महेंद्रगढ़ जिला के खोरियावास गांव में भी मेडिकल कालेज की होगी स्थापना  

हरियाणा सरकार के प्रस्ताव को केंद्र ने दी हरी झंडी 

चंडीगढ़, 17 अप्रैल :  हरियाणा के करनाल में चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय व जींद में चिकित्सा महाविद्यालय स्थापित करने के लिए केन्द्र ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड द्वारा प्रदेश को पर्याप्त वित्तीय सहायता प्रदान किए जाने की सैद्घांतिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसके अलावा, महेंद्रगढ़ जिला के खोरियावास गांव में एक चिकित्सा महाविद्यालय भी स्थापित किया जाएगा।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नई दिल्ली में केन्द्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के साथ एक बैठक कर उन्हें हरियाणा विशेषकर, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में चिकित्सा विज्ञान शिक्षा व उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकताओं से अवगत करवाया। इस बैठक में केन्द्रीय इस्पात मंत्री बीरेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।

बैठक के उपरांत मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक जिला में एक चिकित्सा महाविद्यालय की स्थापना की जाएगी। प्रदेश में चिकित्सा विज्ञान शिक्षा व उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार पर विशेष बल दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि महेंद्रगढ़ जिला के खोरियावास गांव में 100 एकड़ भू-क्षेत्र में एक चिकित्सा महाविद्यालय भी स्थापित किया जाएगा।

बैठक में हरियाणा के चिकित्सा विज्ञान शिक्षा के अतिरिक्त मुख्य सचिव धनपत सिंह, हरियाणा के स्थानीय प्रधान आयुक्त आनंद मोहन शरन, केन्द्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय के चिकित्सा शिक्षा के अतिरिक्त सचिव बी के त्रिपाठी व संयुक्त सचिव सुधांश पंत, हरियाणा के चिकित्सा विज्ञान शिक्षा के निदेशक  डॉ. शालीन व हरियाणा के अतिरिक्त स्थानीय आयुक्त विवेक सक्सेना मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page