प्रदेश का बजट विकास व रोजगार को गति देने वाला : सोनाली

Font Size
 
सरकार के सकारात्मक कार्यों में सहयोग नहीं कर रहे विपक्षी दल
 
हिसार। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सोनाली सिंह ने प्रदेश सरकार द्वारा पेश किये गए बजट को रोजगारोन्मुखी व प्रदेश के विकास को गति देने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश के वित्त मंत्री कै. अभिमन्यु ने हर वर्ग का हितैषी बजट पेश किया है। 
एक बयान में सोनाली सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने चौथे बजट में भी हर बार की तरह विकास परियोजनाएं शुरू करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने, किसान वर्ग को राहत देने के साथ-साथ हर वर्ग को छूने वाला बजट प्रस्तुत किया है। बजट की सबसे खास बात यह है कि इसमें कोई नया कर नहीं लगाया गया है, जो स्वागत योग्य है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री कै. अभिमन्यु ने बजट में प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास को बढ़ावा देने वाला बजट पेश करके साबित कर दिया है कि सरकार हरियाणा एक-हरियाणवी एक की भावना से काम कर रही है और इसी के फलस्वरूप प्रदेश में तेज गति से समान विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र व प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद हर क्षेत्र में विकास को गति मिली है और भविष्य में यह गति और तेज होना स्वाभाविक है।
सोनाली सिंह ने कहा कि विपक्ष के पास इस समय कोई मुद्दा नहीं है और विपक्ष के लोग बजट की तथा अन्य मसलों पर भी हरियाणा सरकार की बेवजह आलोचना करके अपनी भड़ास निकाल रहे हैं। वास्तव में विपक्षी दलों को सकारात्मक कार्यों में सरकार का सहयोग करना चाहिए लेकिन ऐसा करने में विपक्ष असफल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विपक्षी दल जनता के हित में कोई आवाज उठाने या सरकार का सहयोग करने की बजाय अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने में लगे हैं जो प्रदेश के विकास में सबसे बड़ी बाधा है। 

You cannot copy content of this page