“अब संसद के दोनों सदनों में भारतीय जनता पार्टी का बहुमत होगा “

Font Size

चंडीगढ़, 4 मार्च :  हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि 15 मार्च तक राज्य सभा सीटों का चुनाव होने के बाद संसद के दोनों सदनों में भारतीय जनता पार्टी का बहुमत होगा और देशहित में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ऐतिहासिक निर्णय लिए जाएंगे। भाजपा का वर्चस्व तेजी से कल्याणकारी व जनहितैषी नीतियों की बदौलत बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में भी निश्चित रूप से पार्टी की जीत होगी। आज देश के उत्तर-पूर्वी सहित 80 प्रतिशत क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी का शासन है और भाजपा ने देश को लगभग कांग्रेस से मुक्त कर दिया है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल आज भिवानी के ढिग़ावा मंडी में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जेपी दलाल द्वारा आयोजित सम्मान रैली में विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। सम्मान रैली को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री समय की परवाह न करते हुए दिन-रात हरियाणा की भलाई के लिए काम कर रहे हैं। प्रदेश में पहली बाद मेरिट के आधार पर युवाओं को नौकरियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सतलुज-यमुना लिंक नहर का मामला सर्वोच्च न्यायालय में है और इसका फैसला हरियाणा के हक में हो चुका है। केवल फैसले को क्रियान्वित करने की प्रक्रिया बाकी है। ऐसे समय में विपक्षी पार्टियों का जलयुद्ध बेमानी साबित हो रहा है।

केवल राजनीति लाभ उठाने की ये कौशिशें जनता कामयाब नहीं होने देगी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि 15 मार्च के बाद सरसों की सरकारी खरीद शुरु हो जाएगी। कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा निकाली जा रही जनक्रांति यात्रा महज एक भ्रांति यात्रा है और कांग्रेस पार्टी के लिए यह बगावत का संकेत है। उन्होंने कहा कि खरीफ की फसलों में 50 प्रतिशत मुनाफा जोडकऱ किसान के अनाज की सरकार द्वारा खरीद की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी को वहन करने वाली सरकार है। हरियाणा के 140 खंडों में सिंचाई के सौर संयंत्र स्थापित किए जाएंगे। ऐसे 14 प्रोजेक्ट प्रदेश में शुरु हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने पिछले साढ़े तीन सालों में एक हजार करोड़ रुपए सालाना के हिसाब से किसानों को अब तक का सबसे अधिक मुआवजा दिया है।

रैली के संयोजक भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जयप्रकाश दलाल ने अपने संबोधन में कहा कि मनोहर लाल पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने लोहारू की सूखी धरती की सुध ली है और यहां पानी पहुंचाया है। लोहारू की जनता तहेदिल से मुख्यमंत्री का सम्मान करती है। उन्होंने रैली में दो बार आम जनता से हाथ खड़े करवाकर मुख्यमंत्री के प्रति विश्वास व्यक्त करवाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में संसाधनों और विकास का समान बंटवारा हो रहा है, जिसका लाभ लोहारू को भी मिला है।

रैली में पशुधन विकास बोर्ड के चेयमरैन ऋषि प्रकाश Ÿमाा, पूर्व विधायक शशि रंजन परमार, सोमवीर सांगवान, मुकेश गौड़, मनीष मित्तल, भाजपा जिला प्रधान नंदराम धानिया, रामकिशन शर्मा ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर बाढड़ा के विधायक सुखविंद्र सिंह मांढ़ी, बवानीखेड़ा के विधायक बिशंभर वाल्मीकि, भिवानी के विधायक घनश्याम दास सर्राफ, नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव, हरियाणा आवास बोर्ड के चेयरमैन जवाहर यादव, ओएसडी कैप्टन भूपेंद्र सिंह, प्रदेश महामंत्री संदीप जोशी सहित अनेक अधिकारी, पार्टी पदाधिकारी व कार्यकत्र्ता मौजूद थे।

You cannot copy content of this page