पॉप स्टार गजेन्द्र फौगाट के हरियाणवी रिमिक्स पर जम कर थिरके दर्शक

Font Size

पॉप स्टार गजेन्द्र फौगाट के हरियाणवी रिमिक्स पर जम कर थिरके दर्शक 2गुरूग्राम, 17 दिसम्बर। नगर निगम गुरूग्राम द्वारा आयोजित साप्ताहिक सांस्कृतिक संध्या में हरियाणा के पॉप स्टार एवं बॉलीवुड सिंगर गजेन्द्र फौगाट ने ‘फॉक स्टूडियो’ की प्रस्तुति दी। फॉक स्टूडियों का यह प्रयोग हरियाणा के इतिहास में पहला प्रयोग था, जिसमें प्राचीन घड़वा-बैंजो सहित आधुनिक साज-बाज के साथ पॉप और फॉक का मिश्रण किया गया। गजेन्द्र ने हरियाणवी रागनी को रिमिक्स अंदाज में प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी।

    कार्यक्रम में लेबर कोर्ट की एडीशनल सैशन जज सीमा सिंघल, पुलिस शहीद फाऊंडेशन के संयोजक एडवोकेट आर एल शर्मा तथा डीटीपी संजीव मान ने दीप प्रज्जवलित किया। एडीशनल सैशन जज तथा एडवोकेट आरएल शर्मा ने इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजनों की सराहना की तथा नगर निगम के इस प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की। मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम का आनन्द लिया। इस मौके पर कार्यकारी अधिकारी डा. विजयपाल यादव, शिक्षाविद अर्जुन वशिष्ठ एवं अरूण जेटली, ऊषा बख्शी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। कार्यक्रम में मंच का सफल संचालन एंकर अशिता वर्मा द्वारा किया गया।

    कार्यक्रम की शुरूआत गजेन्द्र ने संत कबीरदास द्वारा लिखित पंक्तियों से की तथा बताया कि हरियाणवी मां बोली का मुशायरा पाकिस्तान में पिछले दिनों आयोजित किया गया था। इस प्रकार हरियाणवी बोली आज विदेशों तक अपना स्थान बना रही है। उन्होंने शहीदे-आजम-भगत सिंह को समर्पित गीत प्रस्तुत किया तथा युवाओं से आह्वान किया कि वे नशा सहित अन्य बुराइयों को छोडक़र शहीद भगत सिंह के बताए रास्ते पर चलें तथा देश को उन्नति की राह पर आगे बढ़ाएं। उन्होंने आज के फूहड़ गीतों पर करारा कटाक्ष किया और कहा कि यह हमारी संस्कृति नहीं है। हमारी संस्कृति साफ-सुथरी है। कार्यक्रम में ठेठ हरियाणवी परिधान में लोक-नृत्य प्रस्तुत किए गए, जिनमें लड़कियों ने जहां दामण-चुंदड़ी पहनी, वहीं लडक़े धोती-कुर्ता और पगड़ी में दिखाई दिए। कार्यक्रम में गजेन्द्र माता का ईमेल, देसी-देसी ना बोल्या कर, पाणी आंख्या का, सैक्टर आली कोठी मैं नहीं लागता जी जैसे हिट गीत लाईव सुनाए। साथ ही रागणी को रिमिक्स भी किया। इस प्रकार इस कार्यक्रम के माध्यम से हरियाणवी लोक-संस्कृति नए रूप में देखने को मिली तथा हरियाणवी हास्य के तडक़े  पर  दर्शकों ने खूब ठहाके लगाए। 

    उल्लेखनीय है कि नगर निगम गुरूग्राम के आयुक्त वी. उमाशंकर के निर्देश पर गुरूग्राम में कला-संस्कृति को बढ़ावा देने, कलाकारों को बेहतरीन मंच उपलब्ध करवाने तथा दर्शकों को स्वच्छ मनोरंजन नि:शुल्क प्रदान करने के उद्देश्य से प्रत्येक शनिवार को सैक्टर-29 स्थित रंगभूमि ओपन एयर थिएटर का मंच सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजा होता है। क्योंकि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में प्रत्येक व्यक्ति तनाव का शिकार हो रहा है और इस तनाव को दूर करने के लिए मनोरंजन के साधन तलाश करता है। हालांकि गुरूग्राम में मनोरंजन के साधन काफी हैं, लेकिन मध्यम और निम्न वर्ग का व्यक्ति इन्हें अफोर्ड नहीं कर पाता। ऐसे में नगर निगम गुरूग्राम द्वारा आयोजित किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम दर्शकों के लिए वरदान साबित हो रहे हैं, जिनमें कोई भी व्यक्ति अपने परिवार, मित्रों के साथ आ सकता है। इन कार्यक्रमों के लिए किसी प्रकार का टिकट खरीदने या एंट्री पास प्राप्त करने की आवश्यकता नहीं है।

You cannot copy content of this page