मधु आजाद मेयर और प्रमिला कबलाना सीनियर उप मेयर निर्वाचित

Font Size

सुनीता यादव के खाते में उप मेयर पद  

तीन पदों पर महिला पार्षद को बैठाकर गुरुग्राम नगर निगम ने इतिहास रचा

गुरुग्राम, 3 नवंबर। गुरूग्राम नगर निगम के महापौर का चुनाव आज सर्वसम्मति से संपन्न हुआ जिसमें सभी पार्षदों ने भाजपा की मधु आजाद को महापौर चुना। गुरुग्राम नगर निगम के वार्ड-7 से पार्षद मधु आजाद के नाम का प्रस्ताव वार्ड-5 से भाजपा पार्षद रिम्पल यादव ने किया था जिसका समर्थन  वार्ड 19 के पार्षद अश्वनी शर्मा ने किया। यह चुनाव गुरुग्राम के सिविल लाईन्स स्थित स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद भवन में गुरुग्राम मण्डल के आयुक्त डा. डी सुरेश की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ.

डा. डी सुरेश ने महापौर के चुनाव के लिए वार्ड-22 की पार्षद सुनीता यादव को पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया था। सर्वसम्मति से चुने जाने पर पीठासीन अधिकारी सुनीता यादव ने मधु आजाद को महापौर घोषित किया। इसके बाद नगर निगम के वरिष्ठ उप महापौर का चुनाव नगर निगम आयुक्त वी उमाशंकर की अध्यक्षता में करवाया गया जिसमें दो पार्षदों के बीच मुकाबला हुआ। वरिष्ठ उप महापौर चुनाव के लिए  नवनियुक्त महापौर  मधु आजाद ने पीठासीन अधिकारी की भूमिका निभाई। वरिष्ठ उप महापौर पद के लिए वार्ड-34 के निगम पार्षद आर एस राठी ने वार्ड-9 की पार्षद प्रमिला कबलाना के नाम का प्रस्ताव किया जबकि इसी पद के लिए वार्ड-13  से भाजपा पार्षद ब्रह्मप्रकाश यादव के नाम का प्रस्ताव वार्ड-21 के पार्षद धर्मवीर ने किया जिसका  वार्ड-29 से भाजपा पार्षद कुलदीप यादव ने  समर्थन किया।

वरिष्ठ उप महापौर पद के लिए दो पार्षदों के नामों का प्रस्ताव आने के कारण मौके पर ही चुनाव करवाया गया जिसमें प्रमिला कबलाना को 35 में से 23 वोट मिले और ब्रह्म प्रकाश यादव को 12 वोट प्राप्त हुए। अत: वरिष्ठ उप महापौर पद के लिए वार्ड 9 की पार्षद प्रमिला कबलाना को घोषित किया गया। वरिष्ठ उप महापौर के चयन के बाद उप महापौर पद के लिए वार्ड-19 के पार्षद अश्वनी शर्मा ने वार्ड-33 से भाजपा पार्षद सुनीता यादव के नाम का प्रस्ताव किया जिसका वार्ड-3 के भाजपा पार्षद रविंद्र यादव ने समर्थन किया। इस पद के लिए कोई और नाम नहीं आया तथा सुनीता यादव को सर्वसम्मति से उप महापौर चुन लिया गया। इस प्रकार आज करवाए गए गुरुग्राम नगर निगम के महापौर, वरिष्ठ उप महापौर तथा उप महापौर के तीन शीर्ष पदों में से दो पर भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों ने जीत हासिल की।

महापौर का पद भाजपा की पार्षद मधु आजाद को तथा उप महापौर के पद पर भी भाजपा पार्षद सुनीता यादव विजयी रही और दोनो ही पदो पर चुनाव सर्वसम्मति से हुआ। वरिष्ठ उप महापौर के पद पर वार्ड-9 से निर्दलीय प्रत्याशी परमिला कबलाना आसीन हुई हैं। इन तीनो पदों के चुनाव के दौरान केंद्रीय योजना, रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह तथा पटौदी की विधायक बिमला चौधरी मौजूद रहे। इनके अलावा, मण्डलायुक्त डा. डी सुरेश, गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं नगर निगम आयुक्त वी उमाशंकर, नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त नरहरि सिंह बांगड़ , अतिरिक्त म्यूनिसिपल आयुक्त वाई एस गुप्ता भी उपस्थित थे।

चुनाव से पहले मण्डलायुक्त डा. डी सुरेश ने सभी नव निर्वाचित पार्षदों को भारत के संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा व निष्ठा रखते हुए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ दिलाई। वाई एस गुप्ता ने सभी पार्षदों को महापौर, वरिष्ठ उप महापौर तथा उप महापौर चुनने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। 

 

गुरूग्राम नगर निगम के दूसरे आम चुनाव में तीनों शीर्ष पदों पर महिला पार्षदों ने कब्जा जमाया। अब नगर निगम की बागडोर महिलाओं के हाथों में आ गई है। आज संपन्न हुए तीनों पदों के चुनावों में नगर निगम के वार्ड नं0-7 की पार्षद मधु आजाद को गुरुग्राम नगर निगम के महापौर बनने का गौरव प्राप्त हुआ है जबकि वार्ड नं0-9 की पार्षद प्रमिला कबलाना को वरिष्ठï उप-महापौर तथा वार्ड नं0 -33 की पार्षद सुनीता यादव को उप-महापौर चुना गया। नगर निगम के इन तीन शीर्ष पदों के चुनाव में आज पूरी पारदर्शिता बरती गई।

Suvash Chandra Choudhary

Editor-in-Chief

You cannot copy content of this page