लिंगानुपात आंकड़ों में छेड़छाड़ करने वाले पलवल परिषद के पंजीयक, सह पंजीयक निलंबित

Font Size

मुख्यमंत्री ने दोनों को तत्काल सस्पेंड करने के दिए आदेश

स्वास्थ्य विभाग की जांच पड़ताल में हुआ था खुलासा, अनुशासनात्मक कार्रवाई तय

चंडीगढ, 28 सितम्बर:  हरियाणा में लगातार बेहतर हो रहे लिंगानुपात के आंकड़ों के बीच पलवल नगर परिषद के दो कर्मचारियों द्वारा आंकड़ों से छेड़छाड़ करना महंगा पड़ गया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उन्हें सस्पेंड कर दिया है और उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के आदेश दे दिए हैं। भविष्य में भी लापरवाही बरतने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन ने आज यहां जानकारी देते हुए बताया कि नगर परिषद पलवल में पंजीयक एवं सह पंजीयक (जन्म-मृत्यु) द्वारा मार्च 2017 में परिषद क्षेत्र में जन्मी कन्याओं का आंकड़ा 1217 दिखाया गया था। जबकि महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं हरियाणा-सह- मुख्य पंजीयक (जन्म-मृत्यु) कार्यालय द्वारा प्रदेश का आंकड़ा प्रति हजार लडक़ों पर 950 लड़कियों का आकंडा दर्ज किया गया था। रिपोर्ट पर संदेह होने के बाद मुख्य पंजीयक कार्यालय द्वारा इसकी जांच-पड़ताल करवाई गई, जिसमे आंकडे में गड़बड़ी किए जाने की पुष्टि हुई। इसके कारण जिला पलवल का प्रति हजार लडक़ों पर लड़कियों का आंकड़ा गलत दर्ज हुआ। जनवरी 2017 से मार्च 2017 तक पालिका द्वारा प्रति हजार लडक़ों पर 1383 लड़कियों का आंकड़ा दर्ज किया गया, जबकि जांच में यह 906 लडकिया प्रति हजार लडक़ों पर मिला।

मंत्री कविता जैन ने बताया कि परिषद द्वारा लड़कियों का आंकड़ा जनवरी 2017 में 957, फरवरी में 990 तथा मार्च में 1217 अपडेट करवाया गया, वहीं जांच में यह जनवरी 2017 में 930, फरवरी में 951 तथा मार्च में 983 मिला। इसकी बदौलत जनवरी 2017 से जून 2017 तक आंकड़े में गड़बड़ी के कारण प्रदेश का लिंगानुपात प्रभावित हुआ। जून 2017 में यह आंकड़ा 910 लड़कियां प्रति हजार की जगह 912, मार्च 2017 में 930 प्रति हजार की जगह 940 और जनवरी-मार्च तिमाही के 928 की जगह 932 दर्ज हुआ। इस गम्भीर लापरवाही पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने परिषद पलवल के पंजीयक (जन्म-मृत्यु) महेंद्र सिंह और सह पंजीयक(जन्म-मृत्यु) सन्दीप कुमार को तत्काल सस्पेंड कर दिया है। यही नहीं, दोनों कर्मचारियों द्वारा अपनी ड्यूटी में लापरवाही बरतने तथा आंकड़ों से छेड़छाड़ करने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के आदेश जारी किए हैं।

मंत्री कविता जैन ने कहा कि सरकार, विभाग, सामाजिक, धार्मिक संगठन और आम नागरिकों के सहयोग से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान बेहतर परिणाम दे रहा है। सरकार समाज के साथ मिलकर बेटियों के प्रति अपना दायित्व ईमानदारी से निभा रही है, इस प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही करने वाले कर्मचारियों को किसी भी सूरत में बक्शा नहीं जाएगा।

Suvash Chandra Choudhary

Editor-in-Chief

You cannot copy content of this page