जनता की सच्ची हितैषी है भाजपा : मंगत राम बागड़ी

Font Size

भाजपा के38वें स्थापना दिवस पर वार्ड 10 में कार्यक्रम का आयोजन 

गुडग़ांव : वरिष्ठ भाजपा नेता व वार्ड 10 के निवर्तमान पार्षद मंगत राम बागड़ी ने भाजपा के38वें स्थापना दिवस व 37वें वर्षगांठ पर पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर पार्टी के सिद्धांतों का अनुसरण करने का संकल्प लिया। इस मौके पर उपस्थित भाजपा के तमाम नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच मिठाई बांटकर खुशियों का इजहार करते हुए श्री बागड़ी ने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जिसमें जनहित और राष्ट्रहित समाहित है।

 

पार्टी के 37 वर्षों का इतिहास रहा है कि जब-जब भाजपा को देश की या प्रदेशों की सत्ता मिली है तब तब देश के विकास को एक नया आयाम मिला है। बागड़ी ने कहा कि संघ परिवार रूपी वट वृक्ष से निकली एक राष्ट्र कल्याणकारी शाखा भाजपा की स्थापना 6 अप्रैल 1980 को दिल्ली के फिरोज शाह कोटला मैदान में आयोजित कार्यकर्ता अधिवेशन के दौरान हुई थी। स्थापना के दौरान ही श्री अटल बिहारी बाजपेयी भाजपा के प्रथम राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित हुए। इसके बाद पार्टी का लगातार विस्तार और विकास होता रहा है और आज भाजपा देश की ही नहीं बल्कि पूरे विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में उभरकर सामने आई है।

 

भाजपा को इतना विशाल रुप देने में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सहित पार्टी के तमाम शीर्ष नेताओं ने महत्वूपर्ण भूमिका निभाई है। बागड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में चल रही भाजपा की सरकार आज पूरे देश का चतुर्दिक विकास कराने के साथ देश की जनता में सामाजिक और धार्मिक आस्था जाग्रत करने का भी काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अगुवाई में चल रही भाजपा की सरकार ने भी अपने अल्प कार्यकाल में ही हरियाणा का जितना विकास कराया है उतना अब तक किसी सरकार ने नहीं कराया। बागड़ी ने कहा कि गुरूग्राम में भाजपा सरकार के कार्यकाल में ऐसे विकास कार्य संपन्न हुए हैं जो पूर्व की कांग्रेस सरकार में वर्षों से लंबित पड़े थे।

 

मंगत राम बागड़ी ने भाजपा के स्थापना दिवस पर उपस्थित तमाम भाजपा जनों और मौजूद लोगों को शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर अगस्त कुमार वशिष्ठ, राकेश बैरवा, सुभाष पाहवा, एसएस गिल, रतिराम, बस्तीराम, विश्वंभर खटाना, हरि सिंह, सुशील, श्रीराम, पूरन सिंह, सुदेश, राजेश, ललित व मनोज आदि काफी लोग उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page