किसानों का रूख अंतर्राष्ट्रीय मण्डियों की तरफ किया जाएगा : धनखड़

Font Size

सूरजकुण्ड :  बागवानी को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के लिए किसानों का रूख अंतर्राष्ट्रीय मण्डियों की तरफ किया जाएगा। इसके लिए हर जिला में उत्कृष्टता केन्द्र खोले जायेंगे।  यह बात कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ ने यह बात द्वितीय एग्री सम्मिट 2017 के दूसरे दिन पत्रकार वार्ता के दौरान कही। पत्रकार वार्ता में उन्होने बताया कि इस क्षेत्र में अपार सम्भावनाएं हैं। इसी को देखते हुए एक विस्तृत योजना के तहत युवा किसानों को आगे लाकर बागवानी पर फोकस किया जायेगा।यही नहीं गन्नौर में जहां 600 एकड़ में मण्डी  स्थापित की जा रही है। वहीं गुरूग्राम में फूलों की मण्डी भी स्थापित की जायेगी। 

उन्होंने कहा कि बागवानी को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ले जाने के लिए शीघ्र ही एक बिजेनेस स्कूल खोलने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। यही नहीं हर वर्ष बागवानी का उत्पादन 7 लाख टन से बढ़ाकर 14 लाख टन किया जाएगा। बागवानी क्षेत्र को सवा 12 लाख से साढे़ 22 लाख हैक्टेयर करने की योजना है। इसके लिए केन्द्र सरकार और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र बोर्ड से भी मदद ली जाएगी। आज के समय में खेती घाटे का सौदा नहीं है। यह शिक्षित वर्ग के लिए शिक्षित खेती वाली कहावत को चरितार्थ कर रही है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि हमारे प्रदेश में सीए पास लड़की लीली के फूलों की खेती कर रही है वहीं आष्ट्रेलिया  पढ़ा लिखा एमबीए पास लड़का खेती को आधुनिक तरीके से उन्नति के शिखर पर ले जा रहा है। 

कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनकड़ ने कहा कि यह बहुत हर्ष की बात है कि वर्तमान समय में पढ़े लिखे युवा एवं विशेषज्ञ बागवानी क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं। किसान का बेटा खेती में हाथ आजमा रहा है। इसी को देखते हुए सरकार बागवानी क्षेत्र को अन्तर्राष्ट्ीय स्तर पर ले जाने के लिए फोकस कर रही है। इसके लिए एग्री लीडर, विद्वानों और कृषि अर्थशास्त्रियों तैयार किया जायेगा। शीघ्र ही समूह बागवानी गांव से जुड़ी ऐसी परियोजना बनाई जाएगी कि हर पंचायत इकाई का बागवानी क्षेत्र का अपना ब्राण्ड  होगा। ऐसा होने से किसानों की आमदनी में इजाफा होगा और उनको एक अलग पहचान भी होगी। 

पत्रकार वार्ता में श्रम राज्य मंत्री नायब सिंह सैनी, विधायक जसबीर देशवाल, हैफेड के चेयरमैन हरविन्द्र कल्याण, हरियाणा अनुसूचित जाति वित विकास निगम की चेयरपर्सन सुनीता दुग्गल, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष समय सिंह भाटी उपस्थित थे।

You cannot copy content of this page