नोटबंदी के बाद समाजवादी और बसपा के सुर एक हो गए : नरेंद्र मोदी

Font Size

गोंडा  : उत्‍तर प्रदेश के गोंडा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी के मुद्दे को लेकर विरोधियों पर जमकर निशाना साधा। शुक्रवार को यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि नोटबैन से बड़े-बड़े लोग नहीं बच पाए। भ्रष्‍टाचार के खिलाफ लड़ाई में दूसरे दल मेरे दुश्‍मन बन गए। नोटबैन को लेकर देश भर में झूठ फैलाया गया। लोग कितना भी झूठ बोलें, लेकिन देश की जनता सच समझ ही जाती है।

उन्‍होंने कहा कि नोटबैन के बाद देश को लूटने वाले एक हो गए। विरोधियों को देश की चिंता कम और पैसों की ज्‍यादा है। अब मैं देश को लूटने वालों को छोड़ने वाला नहीं हूं। नोटबंदी के बाद समाजवादी और बसपा के सुर एक हो गए।

पीएम ने कहा कि गरीब से गरीब व्यक्ति भी सच्चाई पहचान सकता है। चूंकि मैने भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए नोटबंदी की, बड़ी ताकतें देश को गुमराह करने में लगी हुईं हैं। नोटबंदी के बाद भाजपा ने हर चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया चाहे वह ओडिशा, महाराष्ट्र या चंडीगढ के नगर निकाय चुनाव हों या फिर पंचायत चुनाव। ओडिशा के लोगों ने बीजेपी को भारी समर्थन दिया। ओडिशा में सबसे गरीब जिले में भी बीजेपी ने नोबंदी के बाद जीत दर्ज की। महाराष्‍ट्र निकाय के चुनाव नतीजों में कांग्रेस साफ हो गई।

मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का मुझ पर कर्ज है, जिसे मैं चुकाना चाहता हूं। गरीब और अमीर की खाई खत्म होनी चाहिए। मैं इस दिशा में काम कर रहा हूं। मोदी ने महाशिवरात्रि पर भगवान शिव का अह्वान किया और कहा कि लोग अपने तीसरे नेत्र से देख सकते हैं उनके लिए क्या अच्छा है और क्या बुरा। ये चुनाव उत्तर प्रदेश और देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। गरीबों की भलाई के लिए सबसे ज्यादा कार्य उत्तर प्रदेश में करने की जरूरत है। उन्‍होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पुलिस थाने जनता की भलाई के लिए या सपा वालों की दादागिरी के लिए।

मोदी ने आज भाजपा की विरोधी पार्टियों पर गम्भीर आरोप लगाते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में नेपाल सीमा से सटे गोण्डा क्षेत्र में ऐसे लोगों को नहीं चुना जाना चाहिये जो सरहद पार बैठे षड्यंत्रकारियों की मदद करें। मोदी ने यहां एक चुनावी जनसभा में कहा कि यह हमारा गोण्डा नेपाल से सटा है। अभी कानपुर में रेल हादसा हुआ, उसमें सैकड़ों लोग मारे गये। उसमे कुछ लोग पकड़े गये हैं। वो (हादसा) अचानक नहीं हुआ बल्कि पुलिस ने जो खोजकर निकाला, (उसके मुताबिक) एक षड्यंत्र के तहत हुआ। उन्होंने विरोधी पार्टियों के प्रत्याशियों की तरफ इशारा करते हुए किसी का नाम लिये बगैर कहा कि वे षड्यंत्र करने वाले सीमा पार बैठे हैं। अब तक सीमा पार के जो हमारे दुश्मन हैं, वो अपना कारोबार वहां से चलाना चाहते हैं। गोण्डा में ज्यादा सतर्कता की जरूरत है कि नहीं। अगर यहां ऐसे लोग चुनकर आएंगे जो ऐसे लोगों की मदद करेंगे, तो क्या गोण्डा सुरक्षित रहेगा, अगर गोण्डा असुरक्षित रहा तो क्या हमारा देश सुरक्षित रहेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि गोण्डा में तो देशभक्ति से भरे लोग हैं, उन्हीं को सत्ता में बिठाना चाहिये, तभी हम यहां का भला कर सकेंगे, इसलिये चुनाव में कोई गलती नहीं होनी चाहिये। सपा हो या बसपा, एक भी जीतना नहीं चाहिये। आपको भारी मतदान करके शत प्रतिशत भाजपा को विजयी बनाना चाहिये। मोदी ने कहा कि विधानसभा चुनाव के अब तक हुए चार चरणों में भाजपा का दबदबा रहा है। यह तो मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का चेहरा देखकर ही पता चल जाता है। अखिलेश ने जिनको (कांग्रेस) गले लगाया है, देश के लोगों ने चाहे ओड़िशा हो या महाराष्ट्र, उन्हें विदाई दे दी है। उन्होंने कहा कि ये चुनाव उत्तर प्रदेश के लिये हैं, देश के लिये भी बहुत महत्वपूर्ण हैं। गरीबों की भलाई के लिये सबसे ज्यादा यूपी में काम करने की जरूरत है।

You cannot copy content of this page