लाला लाजपतराय ने देशवासियों में आत्मसम्मान और स्वदेशी भावना को जागृत किया : अशोक बुवानीवाला

Font Size

फरीदाबाद। लाला लाजपतराय न केवल एक महान स्वतंत्रता सेनानी थे, बल्कि समाज सुधारक, शिक्षाविद् और प्रखर वक्ता भी थे। ये उद्गार लाला लाजपतराय जयंती के अवसर पर अग्रवाल वैश्य समाज के प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला ने फरीदाबाद में आयोजित लाला लाजपतराय जयंती समारोह के दौरान कही। समाज की फरीदाबाद इकाई के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यातिथि अशोक बुवानीवाला ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इस मौके पर लाला लाजपतराय को स्मरण करते हुए .

उन्होंने कहा कि लाला लाजपत राय ने देशवासियों में आत्मसम्मान और स्वदेशी भावना को जागृत किया। उन्होंने विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार और स्वदेशी को अपनाने का आह्वान कर जन-जन को स्वतंत्रता आंदोलन से जोड़ा। उनका मानना था कि जब तक समाज शिक्षित और संगठित नहीं होगा, तब तक राष्ट्र सशक्त नहीं बन सकता। साइमन कमीशन के विरोध का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि लाला लाजपत राय ने जिस साहस के साथ अंग्रेजी हुकूमत का सामना किया, वह भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उनके बलिदान ने देश की आजादी की लड़ाई को नई ऊर्जा प्रदान की और आने वाली पीढ़ियों को संघर्ष के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि लाला लाजपत राय केवल राजनीतिक नेता ही नहीं थे, बल्कि वे सामाजिक कुरीतियों के विरोधी और शिक्षा के प्रबल समर्थक भी थे। उन्होंने राष्ट्रहित में अनेक शिक्षण संस्थानों की स्थापना की और युवाओं को राष्ट्रनिर्माण से जोड़ने का कार्य किया। उनके विचार आज भी मार्गदर्शक हैं। वर्तमान समय में लाला लाजपत राय के विचारों की प्रासंगिकता और बढ़ गई है। जब समाज विभिन्न चुनौतियों से गुजर रहा है, तब उनके सिद्धांत हमें एकता, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने समाज को यह सिखाया कि जब तक हम संगठित नहीं होंगे, तब तक किसी भी प्रकार के अन्याय का मुकाबला नहीं कर सकते। आज के समय में भी उनके विचार उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने स्वतंत्रता आंदोलन के दौर में थे। उन्होंने अपने जीवन का प्रत्येक क्षण राष्ट्र के लिए समर्पित किया। उनका संघर्ष, त्याग और बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा। जयंती समारोह ने यह संदेश दिया कि महान विभूतियों के विचारों को जीवित रखना ही उनके प्रति सच्चा सम्मान है।

इस मौके पर बुवानीवाला ने जानकारी देते हुए बताया कि अग्रवाल वैश्य समाज की आम सभा की बैठक आगामी 7 मार्च को वृंदावन में आयोजित की जा रही है। इस बैठक के दौरान समाज के द्विवार्षिक चुनाव भी करवाएं जाएंगे। उन्हांेने बताया कि प्रदेश के कोने-कोने से वैश्य बंधु इस कार्यक्रम में भाग लेंगे और अपनी एकता का परिचय देंगे।

इस अवसर पर प्रदेश संगठन मंत्री केदारनाथ अग्रवाल, एसजीएम नगर व्यापार मंडल के प्रधान मुरारी लाल गर्ग, रामनिवास गर्ग, सुनील गर्ग, बड़खल विधानसभा अध्यक्ष महेश अग्रवाल, एसजीएम नगर अग्रवाल सभा के प्रधान मूलचंद गर्ग, जय शिव गर्ग, रामकुमार गर्ग, मनीष गर्ग, सागर गर्ग, भगवत स्वरूप गोयल, हुकम चंद बंसल, विष्णु बिंदल आदि समाज के लोग उपस्थित रहे।

Table of Contents

You cannot copy content of this page