-जीवन की रक्षा के लिए पर्यावरण संरक्षण नितांत जरूरी : परमिंदर कटारिया
गुरुग्राम : नगर निगम वार्ड 35 स्थित भीमगढ़ खेड़ी सरकारी स्कूल द्वारा आयोजित स्वच्छता जागरूकता अभियान के दौरान बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। सभी बच्चों ने प्रतिज्ञा ली कि वो अपने घर और घर के आस-पास सफाई का विशेष ध्यान रखेंगे और अपने परिवार के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत किए नगर निगम वार्ड 35 के पार्षद एवं पूर्व डिप्टी मेयर परमिंदर कटारिया ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी नागरिकों और स्कूली बच्चों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
विशेष स्वच्छता जागरुकता अभियान, सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परमिंदर कटारिया ने कहा कि जीवन की रक्षा के लिए पर्यावरण संरक्षण नितांत जरूरी है। और पर्यावरण संरक्षण तभी हो सकता है जब हम अधिक से अधिक पौधारोपण करें और वातावरण को स्वच्छ रखने का प्रयास करें। पर्यावरण संरक्षण के लिए स्वच्छता बहुत जरूरी है। परमिंदर कटारिया ने कहा कि स्वच्छता तो सभी लोगों के जीवन के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि स्वच्छता ना रखने पर बीमारियों की चपेट में आना पड़ता है। इसलिए स्वच्छता पर ध्यान रखना हम सभी के नैतिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
परमिंदर कटारिया ने कहा कि आज के बच्चे ही हमारे देश के भविष्य हैं। इसलिए बाल्यावस्था से ही बच्चों को स्वच्छता के प्रति उनकी जिम्मेदारियों का अनुभव कराने के लिए इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसलिए हम सभी आयोजकों को हृदय की गहराइयों से धन्यवाद देते हैं। परमिंदर कटारिया ने कहा कि इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने और हमेशा हमें मान सम्मान और प्यार देने के लिए हम अपने छोटे भाई ब्रांड एंबेसडर एसबीएम कुलदीप हिंदुस्तानी को भी हार्दिक धन्यवाद देते हैं।
परमिंदर कटारिया ने कहा कि राष्ट्र और समाज की सुरक्षा से जुड़े इस तरह के कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए हम सदैव सहयोग करते रहेंगे। स्कूल के प्रिंसिपल नवीन खन्ना और ब्रांड एंबेसडर एसबीएम कुलदीप हिंदुस्तानी ने भी बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्कूल स्टाफ, जुगल रैना, कुलदीप हिंदुस्तानी, रविंद्र भारद्वाज, शशिकांत दूबे और राजेश कांतिवाल आदि नागरिकों का सहयोग रहा।

