रामलीला मैदान में 12 को स्वराज इंडिया की रैली

Font Size

‘जवाब दो हिसाब दो’ रैली में दिल्ली की मुख्य समस्याओं पर होगा फ़ोकस

स्वराज इंडिया के एमसीडी चुनाव अभियान का होगा शंखनाद

आर एस चौहान 

नई दिल्ली :  दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में स्वराज इंडिया की ‘जवाब दो हिसाब दो’ रैली के लिए मंच सज कर तैयार हो गया है। करीब एक लाख लोगों की क्षमता वाले इस मैदान से स्वराज इंडिया आगामी निगम चुनावों का हुँकार भरेगा। दिल्ली के कोने कोने से लोगों के इस रैली में पहुँचने की उम्मीद है। देश के इतिहास में यह पहली ऐसी रैली होगी जिसमें जनता का अपना मंच होगा। इस रैली में मुख्य मंच के साथ 11 विभिन्न मंच भी लगाए गए हैं जिनसे दिल्ली की जनता तीनों सरकारों से हिसाब मांगेगी।

स्वराज इंडिया के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुपम ने बताया कि आम पारंपरिक रैलियों से अलग इस रैली में नेताओं का नहीं, मुद्दों का मंच होगा। ‘जवाब दो, हिसाब दो’ रैली का फ़ोकस दिल्ली की मुख्य समस्याओं पर होगा। अलग-अलग मंचों से दिल्ली की दशा दिशा और पीड़ा पर संवाद होगा। ऑटो चालकों, कॉंट्रेक्ट कर्मचारी, शिक्षकों, झुग्गी-झोपड़ी, दिल्ली देहात, रेहड़ी-पटरी, अनधिकृत कॉलोनी, ट्रांसपोर्टर्स, स्वच्छता, युवाओं और बेरोज़गारी, नशा, महिला सुरक्षा – जैसे 11 अलग अलग मुद्दों के जनमंच होंगे।

‘जवाब दो हिसाब दो’ रैली में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए जगह-जगह साइनबोर्ड भी लगाए जायेंगे। पिछले एक महीने से दिल्ली के लोगों के बीच हुए सर्वे को भी लोगों से साझा किया जाएगा। साथ ही दिल्ली की जनता रामलीला मैदान में तीनों सरकारों की नाकामी पर अविश्वास प्रस्ताव लायेगी। सदनों के अंदर तो अविश्वास प्रस्ताव आते रहते हैं लेकिन रविवार को दिल्ली की जनता रामलीला मैदान पर सरकारों के ख़िलाफ़ अविश्वास प्रस्ताव लायेगी।

रंग बिरंगे कुर्सियां, बड़े प्लाज्मा एलईडी स्क्रीन्स, मुद्दों पर आधारित 11 मंचों के बीच एक सेन्ट्रल मंच बनाया गया है। इस मंच से स्वराज इंडिया का नेतृत्व रैली को संबोधित करेगा।

स्वराज इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेंद्र यादव ने दिल्ली के हर आम आदमी से रामलीला मैदान पहुँच कर आंदोलन को मजबूत और कार्यक्रम को असरदार बनाने की अपील की है। ‘जवाब दो हिसाब दो’ रैली में दिल्ली की दशा दिशा और आगे की रूप रेखा पर बात होगी और स्वराज इंडिया के एमसीडी चुनाव अभियान का शंखनाद होगा।

You cannot copy content of this page