डीसी ने सभी अधिकारियों से प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान करने के दिए निर्देश

Font Size
-प्रत्येक कार्य दिवस पर प्रातः 9 से 11 बजे तक एक महीने तक लगातार आयोजित किए जा रहे है समाधान शिविर
गुरूग्राम, 25 अक्टूबर।  डीसी निशांत कुमार यादव के मार्गदर्शन में सरकार द्वारा निर्देशित जिले के चारों ब्लाॅकों में समाधान शिविर का 22 अक्तूबर से आयोजन किया जा रहा है। इन समाधान शिविरों में जिले की जनता पहुँचकर अपनी समस्याओं का शीघ्रता और मौके पर समाधान करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि  सभी अधिकारियों से प्राथमिकता के आधार पर लोगों की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीसी निशांत कुमार यादव ने बताया कि मुख्य रूप से स्वामित्व योजना व प्रॉपर्टी आईडी से जुडी समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक कार्यदिवस को हर ब्लाॅक के बीडीपीओ कार्यालय व नगर परिषद सोहना व पटौदी सहित नगर पालिका फर्रुखनगर पर समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को उपरोक्त सभी स्थानों पर 16 शिकायतों की सुनवाई की गई। जिसमें संबंधित अधिकारियों द्वारा निवारण की दिशा में सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। प्रत्येक कार्य दिवस पर ये शिविर प्रातः 9 से 11 बजे तक एक महीने तक लगातार आयोजित किए जा रहे है।
डीसी ने बताया कि विशेषतौर पर स्वामित्व स्कीम से जुडी हुई ग्रामीणों की समस्या का समाधान शिविर में प्राथमिकता के आधार पर निवारण किया जा रहा है। प्रतिदिन समाधान शिविर में किए गए कार्यो की रिपोर्ट मुख्यालय पर सीनियर अधिकारियों को भेजी जाएगी, इसमें किसी भी किस्म की कोताही बर्दाश्त नही की जाएगी। समाधान शिविर में बीडीपीओ, एसईपीओ, ग्राम सचिव, पटवारी तथा संबंधित अधिकारी मौके पर ही मौजूद रहकर समस्याओं का निपटारा करेंगे। डीसी ने निर्देश दिए कि ब्लाॅक स्तर पर ब्लाॅक कर्मचारी व अधिकारी अपने अपने ब्लाॅकों में ग्रामीण आंचल के लोगों को समाधान शिविर के बारे में जागरूक करें ताकि ग्रामीण इन शिविरों में आकर अपनी समस्याओं का समाधान करवा सके।

Table of Contents

You cannot copy content of this page