राष्ट्रमंडल खेलों का नौवां दिन : भारत के नाम एक गोल्ड सहित चार पदक

Font Size

गोल्ड कोस्ट।  राष्ट्रमंडल खेलों का नौवां दिन कुश्ती में भारत के लिए कई पदक लेकर आया। शुक्रवार को भारत ने कुश्ती मुकाबलों में एक स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। दिग्गज पहलवान बजरंग पुनिया को स्वर्ण मिला। महिलाओं में जा ढांडा को रजत मिला। दिव्या काकरन के हिस्से कांस्य आया। मौसम खत्री को फाइनल में हार के साथ रजत मिला। ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता बजरंग ने 65 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल में वेल्स के केन चारिग को मात्र दो मिनट में ही चित कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमा लिया।

 बजरंग ने चारिग को चित करते हुए 10 अंक हासिल कर सोना जीता। 

बजरंग ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में अपने अभियान की शानदार शुरुआत जीत से की थी और न्यूजीलैंड के ब्राहम रिचर्डस को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हराया था।

भारतीय पहलवान ने क्वार्टर फाइनल में नाइजीरिया के अमास डेनियल को 1-0 से पीटकर सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का किया था।

बजरंग ने अंतिम-चार में कनाडा के विनसेंट डी मारीनिस को 8-0 से धोकर स्वर्ण पदक मुकाबले में कदम रखा जहां उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों का पहला स्वर्ण पदक जीत लिया।

You cannot copy content of this page