जे पी नड्डा बोले : इंडिया गठबंधन को केवल परिवार की चिंता है जबकि मोदी को देश को आगे ले जाने की चिंता

Font Size

नई दिल्ली ;  भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने आज ‘मेरी माटी मेरा देश’ कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि मोदी जी देश को आगे ले जा रहे हैं और मुंबई में जो लोग कल एकत्र हुए थे, वो परिवार को आगे ले जाना चाहते हैं। उन्होंने बल देते हुए कहा कि लालू को तेजस्वी की चिंता है। सोनिया जी को राहुल की चिंता है। उद्धव को आदित्य की चिंता है और ममता दीदी को भतीजे की चिंता है। इन लोगों को सिर्फ परिवार की चिंता है। ये सभी लोग ऊपर से नीचे तक भ्रष्टाचार में डूबे हुए लोग हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज भारत में रेलवेज, एयरवेज, रोडवेज हर तरह की कनेक्टिविटी हो गई है। ये विकसित भारत बनने की पहचान है। आज भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। आज आदित्य एल-1 लॉन्च हुआ है। क्या 9 साल पहले आप ये कल्पना कर सकते थे।

उन्होंने दावा किया कि पिछले 9 साल में भारत, ब्रिटेन को पछाड़कर 11वीं नंबर से 5वीं नंबर की अर्थव्यवस्था बन गया है। आज स्टील उत्पादन में भारत दूसरे नंबर पर पहुंच गया है। ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री में हम जापान को पछाड़कर तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। आज 97 प्रतिशत मोबाइल भी भारत में बन रहे हैं।

उन्बका कहना था कि नेशनल वार मेमोरियल के समीप एक बहुत बड़ा अमृत वाटिका बनेगी और देशभर से लाए हुए पौधों को उस अमृत वाटिका में लगाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि हमने तय किया है कि हर वार्ड में, हर गांव में, हर पंचायत में, हर म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन में वृक्षारोपण का कार्य किया जाएगा। अपने आप को पर्यावरण से जोड़ा जाएगा और हर घर से जाकर मिट्टी लेकर कलश में एकत्र किया जाएगा और संकल्प लेंगे कि हम अमृतकाल में भारत को विकसित राष्ट्र बनाएंगे।ऐसे ही हमारे लाखों कार्यकर्ता, करोड़ों साथियों के साथ सभी शहीदों के घर पर जाकर उनके माता-पिता को, भाई-बहन को याद दिलाना है कि वो अकेले किसी परिवार के नहीं हैं, उनके साथ सारा देश है।

श्री नड्डा ने कहा कि हमारा देश राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत है, इसलिए उन राष्ट्रभक्तों को समर्पण भाव से याद करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने के उद्देश्य को लेकर हम चले हैं। इसलिए हमने तय किया है कि हर वार्ड में, हर गांव और हर पंचायत में ‘मेरी माटी मेरा देश’ कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें याद करना है।

 

Table of Contents

You cannot copy content of this page