तंजानिया अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में हरियाणा की धूम : अनुराग बख्शी

Font Size

गुरुग्राम, 15 जुलाई। तंजानिया की राजधानी दार-एस सलाम में आयोजित 47वाँ अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला 13 जुलाई को संपन्न हुआ। भारत के किसी भी राज्य की तरफ से पहली बार हरियाणा सरकार की ओर से एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधि मंडल ने इस मेले में भाग लिया और छह जुलाई से 12 जुलाई तक मेले में हरियाणा की धूम रही।

तंजानिया से लौटने के बाद हरियाणा एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल के चेयरमैन अनुराग बक्शी ने आज जारी एक बयान में बताया कि 60 से अधिक सदस्यों का यह प्रतिनिधि मंडल तंजानिया अंतर्राष्ट्रीय मेले में एक ऐतिहासिक पहल थी। जो हरियाणा के यशस्वी मुख्यमंत्री मनोहर लाल की दूरदर्शिता का प्रतीक है। हरियाणा पूरे देश में विदेश सहयोग विभाग स्थापित करने वाला पहला राज्य है और इस विभाग की अगुवाई में एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधि मंडल को व्यापार बढ़ाने हेतू तंजानिया भेजना मुख्यमंत्री मनोहर लाल का ऐतहासिक और साहसिक निर्णय है। जिसके आने वाले समय में दूरगामी परिणाम प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होंगे ।

बक्शी ने बताया कि इस प्रतिनिधि मंडल की अगुवाई विदेश सहयोग विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ राजशेखर वुंडरू, महानिदेशक और सचिव अशोक मीणा ,सलाहकार पवन चौधरी, हरियाणा एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल के चेयरमैन अनुराग बक्शी, हरियाणा ट्रेड अथॉरिटी की प्रशासक सुश्री सोफिया दहिया और इंडस्ट्री विभाग के अतिरिक्त निदेशक शंशिकांत ने की। इसके साथ ही प्रतिनिधि मंडल में 50 से अधिक विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े जैसे कृषि, कपड़ा, उद्योग, प्लाईवुड ,खनन, शिक्षा से जुड़े प्रतिभागी शामिल थे। इस दौरान प्रतिनिधि मंडल ने भारत और तंजानिया निवेश सम्मेलन में भी भाग लिया, जिसमें चर्चा के दौरान हरियाणा और तंजानिया के बीच व्यापार को बढ़ाने की अपार संभावनाएं निकल कर आई। जिनमें, कृषि, उद्योग, स्वास्थ्य और चिकित्सा, शिक्षा, इफ्रोस्ट्रक्चर, कपड़ा, खनन, निर्माण, आईटी और पर्यटन जैसे क्षेत्र हैं। सम्मेलन में अफ्रीकी देशों से व्यापार को लेकर जुड़ी चिंताओं और भ्रांतियों को दूर करते हुए उनके अधिकारियों ने बताया कि वहां राजनीतिक स्थिरता के साथ-साथ आर्थिक सुधार और इज ऑफ डूइंग बिजनेस को प्राथमिकता दी जा रही है और निवेश पर बिना खतरे (रिस्क) अच्छे मुनाफे की भी गारंटी है।

प्रतिनिधि मंडल के लिए यह खुशी की बात थी कि तंजानिया के दौरे पर गए भारत के विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने भी इस सम्मेलन को संबोधित किया और हरियाणा से आए प्रतिनिधि मंडल की भी प्रशंसा की।

जांजीबार के व्यापार और उद्योग मंत्री ने भी हरियाणा से आए इतने बड़े प्रतिनिधि मंडल का स्वागत और आभार व्यक्त किया।
मेले के दौरान तंजानिया में भारत के उच्चायुक्त विनायक प्रधान और तंजानिया ट्रेड डेवलपमेंट अथॉरिटी की महानिदेशक ने प्रतिनिधि मंडल के साथ मिलकर हरियाणा पवेलियन का विधिवत उद्घाटन किया। उसी शाम भारतीय उच्च आयोग के सभागार में उच्च आयोग की ओर से प्रवासी भारतीयों का हरियाणा से आए प्रतिनिधि मंडल के साथ चर्चा का एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। जो बहुत ही सार्थक और सकारात्मक रहा। इस कार्यक्रम को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वर्चुअल मोड से संबोधित किया और हरियाणा व तंजानिया के बीच व्यापार को बढ़ाने के साथ-साथ आपसी संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री के संबोधन से वहां उपस्थित प्रवासी भारतीयों और पूरे प्रतिनिधि मंडल का उत्साहवर्धन हुआ।

बक्शी ने बताया कि 10 जुलाई को व्यापार मेले में हरियाणा दिवस बड़ी धूम धाम से मनाया गया। विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों की तंजानिया के संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ भी व्यापार बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा हुई। अपने दौरे में प्रतिनिधि मंडल ने तंजानिया में बन रहे दो औद्योगिक पार्कों का भी अवलोकन किया। इस दौरे की एक बड़ी उपलब्धि के रूप में हरियाणा सरकार और तंजानिया इंवेस्टमेंट सेंटर के बीच व्यापार को बढ़ाने के अनुबंध पर हस्ताक्षर हुए। जिससे हरियाणा और तंजानिया के लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा। इसी प्रकार हरियाणा कृषि विश्व विद्यालय हिसार और तंजानिया के एक कृषि विश्व विद्यालय के बीच भी शैक्षणिक आदान प्रदान ब़ढ़ाने के अनुबंध पर भी हस्ताक्षर हुए।

बक्शी ने बताया कि इस पूरे मिशन को सफल बनाने में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के दिशा-निर्देश में विदेश सहयोग विभाग के सलाहकार पवन चौधरी की अग्रीम भूमिका रही। इसी प्रकार प्रतिनिधि मंडल में व्यापारियों और उद्योगपतियों की भागीदारी बढ़ाने में व्यापार कल्याण बोर्ड के पूर्व प्रधान रामनिवास गर्ग का विशेष सहयोग रहा । बख्शी ने कहा कि इस उच्च स्तरीय प्रतिनिधि मंडल के दौरे को पूर्ण रूप से सफल बनाने में तंजानिया स्थित भारतीय उच्च आयोग और तंजानिया सरकार का भरपूर सहयोग और समर्थन मिला।

You cannot copy content of this page