जादुई कलाओं से सामाजिक जागरूकता की अलख जगाएंगे विश्व प्रसिद्ध जादूगर शंकर सम्राट

Font Size

-आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रमों की श्रृंखला में सूचना, जन सम्पर्क एवं भाषा विभाग की ओर से गुरुग्राम के सेक्टर 44 स्थित अपैरल हाउस में 5 से 8 जनवरी तक रोजाना होंगे दो शो, प्रवेश निःशुल्क

गुरुग्राम, 04 जनवरी। विश्व प्रसिद्ध जादूगर सम्राट शंकर ने कहा कि आधुनिक युग में विभिन्न मंचों पर मनोरंजन के साधन लोगों तक पहुंच रहे हैं, लेकिन परिवार संग मैजिक शो देखना एक अलग ही आनंद की अनुभूति देता है। मैजिक शो में हाथ की सफाई और स्वस्थ मनोरंजन का बेहतरीन समागम होता है। उन्होंने कहा कि जादू भारत की एक अद्भुत कला है, इसे जीवंत रखने के लिए भरसक प्रयास किए जा रहे हैं और अब हरियाणा सरकार के सौजन्य से आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत जिला मुख्यालय पर जादू के शो दिखाए जाएंगे। इसी कड़ी में गुरुग्राम के सेक्टर 44 स्थित अपैरल हाउस में 5 से 8 जनवरी तक जादू के शो दिखाए जाएंगे। यह शो बिल्कुल निशुल्क रहेंगे। इन शो को देखने के लिए सभी गुरुग्रामवासी सपरिवार आमंत्रित हैं।

जादूगर सम्राट शंकर बुधवार को लघु सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में मीडिया से रूबरू हो रहे थे। उन्होंने बताया कि यह शो न केवल बच्चे बल्कि बड़ों के भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। उन्होंने कहा कि लोगों में जादुई कलाओं से सामाजिक जागरूकता की अलख जगाने के लिए वे निरंतर प्रयासरत है। उन्होने हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी जिलों में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत प्रत्येक जिले में चार दिन यह कार्यक्रम आयोजित होंगे। करनाल व अम्बाला में कार्यक्रम का आयोजन हो चुका है और 05 जनवरी से गुरुग्राम में यह शो होगा। शो के दौरान बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नशा मुक्ति, कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम, जल बचाओ अभियान, तिरंगे का सम्मान, पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक के दुष्प्रभावों पर ऐसी-ऐसी प्रस्तुतियां दी जाएंगी जिससे छोटे बच्चे ही नहीं बड़ों का भी मन मंत्रमुग्ध हो जाएगा।


इसके अलावा अंधविश्वास जैसी बुराई के प्रति भी आमजन को इन शो के माध्यम से जागरूक किया जाएगा। यह शो सूचना, जन सम्पर्क एवं भाषा विभाग की ओर से करवाया जा रहा है। यह शो दिन में दो बार दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक तथा सायं 6 बजे से 8 बजे तक आयोजित होंगे तथा प्रत्येक शो 2 घंटे का रहेगा।


उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि 12 वर्ष की आयु में ही उन्हें देव कुमार जादूगर के स्कूल में आयोजित शो से प्रेरणा मिली और इसके बाद परिवार के खिलाफ जाकर इस कला को अपनाया। उन्होंने बताया कि इस कला को अपनाने का उनका संकल्प दुनिया के अंदर अपनी अलग पहचान बनाना रहा है।
उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत और लगन सेे इस लक्ष्य को प्राप्त करने में कामयाबी मिली। उन्होंने एक सवाल के जवाब में बताया कि वर्ष 1974 से जादू के शो दिखाने शुरू किए थे और अब तक 48 वर्ष हो चुके हैं। इस अवधि के दौरान अब तक करीब 28000 शो दिखा चुके हैं जिनमें से 23 हजार शो चैरिटेबल के लिए दिखाए गए हैं।इनमें सुनामी बाढ़ पीड़ितों, मुख्यमंत्री राहत कोष, कारगिल, स्कूलों व अस्पतालों के लिए शो शामिल हैं।


जादूगर शकंर ने गुरुग्रामवासियों से आह्वान किया कि वर्तमान समय में बच्चे अधिक से अधिक गैजेट्स का प्रयोग कर रहे हैं, जिनका उनके जीवन पर दुष्प्रभाव भी पड़ता है। ऐसे में यह जरूरी है कि बच्चों को इन गैजेट्स के दुष्प्रभावों से बचाने व जादुई कलाओं से जुड़ी हमारी समृद्ध संस्कृति से रूबरू करवाने के लिए इस प्रकार के मनोरंजक आयोजनों से अवगत कराया जाए।
इस मौके पर जूनियर सम्राट शंकर सहित मीडिया के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page