कुरुक्षेत्र से पवित्र ग्रंथ रामायण और गीता का संदेश पूरे विश्व में गूंजेंगा :ओम बिड़ला

Font Size


चण्डीगढ़ 19 नवंबर । लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने कहा कि कुरुक्षेत्र की पावन धरा से पवित्र ग्रंथ रामायण और गीता का संदेश पूरे विश्व में गूंजेंगा। यह संदेश भारत की आध्यात्मिक संस्कृति के दर्शन करवाने का भी काम करेगा। यह अद्भुत संगम अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2022 में गीता स्थली पर हो रही संत मोरारी बापू की श्री राम कथा में देखने को मिला है। इस कथा से पूरे समाज को एक ऊर्जा और प्रेरणा भी मिलेगी।

श्री राम कथा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि गीता स्थली कुरुक्षेत्र में संत मोरारी बापू जैसे संतों के प्रवचन समाज कल्याण के लिए उपयोगी होंगे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला व मुख्यमंत्री मनोहर लाल शनिवार को देर सायं अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के मेला क्षेत्र में गीता ज्ञान संस्थानम की तरफ से आयोजित 9 दिवसीय श्री राम कथा के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे।

श्री बिड़ला ने कहा कि भारत की आध्यात्मिक संस्कृति का संदेश ऋषि-मुनियों की धरा कुरुक्षेत्र से हजारों सालों से पूरे विश्व के जन-जन तक पहुंच रहा है। कुरुक्षेत्र की इस धरा पर श्री राम कथा का आयोजन होना एक अदभुत और ऐतिहासिक क्षण है।

श्री राम कथा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के पावन अवसर पर श्री राम कथा का आयोजन होना एक सौभाग्य का दिन है। एक तरफ पवित्र ग्रंथ गीता को लेकर भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ संत मोरारी बापू द्वारा श्री राम कथा का वाचन होगा और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जीवन का सार लोगों तक पहुंचेगा। हमें संतों के प्रवचनों को जीवन में धारण करना चाहिए। इस कथा के माध्यम से लोगों को अपने कर्तव्य का निर्वहन करने की प्रेरणा भी मिलेगी। उन्होंने समाज के लोगों से अपील करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी नशे की ओर बढ़ रही है। इसलिए समाज के प्रत्येक नागरिक को मिलकर संकल्प करना चाहिए और नशे का कारोबार करने वाले लोगों पर सामाजिक दबाव बनाकर समाज को नशा मुक्त बनाने का प्रयास करना होगा।

श्री राम कथा में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद, सांसद नायब सिंह सैनी, विधायक सुभाष सुधा, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव कृष्ण कुमार, सीएम के राजनीतिक सलाहकार भारत भूषण भारती भी उपस्थित रहें।

You cannot copy content of this page