भाजपा ने बिहार विधानसभा में विजय कुमार सिन्हा को बनाया विपक्ष का नेता

Font Size

पटना :  बिहार की सत्ता में राजनीतिक बदलाव के साथ साथ विजय कुमार सिन्हा को भाजपा ने विपक्ष के नेता के रूप में मनोनीत किया है.  साथ ही विधान परिषद में सम्राट चौधरी विपक्ष के नेता होंगे. ये घोषणा बिहार भाजपा के अध्यक्ष डॉक्टर संजय जायसवाल ने पटना में की. विजय कुमार सिन्हा बिहार के लखीसराय से भाजपा के विधायक हैं . उन्होंने यह जानकारी स्वयं ट्विटर के माध्यम से साझा की है और अपनी नियुक्ति के लिए भाजपा नेतृत्व का आभार जताया है.

उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने सत्तारूढ़ महागठबंधन द्वारा उनके खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर नाराजगी जताने के बाद बुधवार को सदन में इस्तीफा देने की घोषणा कर दी थी .

महागठबंधन सरकार के शक्ति परीक्षण के लिए बुलाए गए विधानसभा के विशेष सत्र के शुरू होते ही विजय कुमार  सिन्हा ने अविश्वास प्रस्ताव पर अपना जवाब देने के बाद अपराह्न दो बजे तक के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी थी . इससे पहले, उन्होंने विधानसभा उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी के बजाय सदन की आगे की कार्रवाई वरिष्ठ सदस्य नरेंद्र नारायण यादव द्वारा संचालित किए जाने की घोषणा करते हुए कहा था कि , ‘‘बहुमत का सम्मान करते हुए मैं अपने पद से इस्तीफा देता हूं.”

You cannot copy content of this page