भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा : ये कांग्रेस का सत्याग्रह नहीं, देश के कानून और संस्थाओं के खिलाफ दुराग्रह है

Font Size

नई दिल्ली। सोनिया गांधी से ED के द्वारा होने वाली पूछताछ के विरोध में कांग्रेस पार्टी के आज के सत्याग्रह को लेकर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया जाहिर की है। भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि
ये सत्याग्रह नहीं, देश के कानून और देश की संस्थाओं के खिलाफ दुराग्रह है।

उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी इस मामले में बेल पर हैं। इन पर धोखाधड़ी का भी आरोप है। उन्होंने दोहराया कि आज कांग्रेस का ये सत्याग्रह नहीं, दुराग्रह है। परिवार जब पार्टी की संपत्ति को अपनी जेब में रख रहा है, तो ये उसे बचाने का दुराग्रह है। हम इसकी भर्त्सना करते हैं।

भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि सच्चाई ये है कि सोनिया गांधी जी और राहुल गांधी बेल पर हैं और ये लोग हाईकोर्ट तथा सुप्रीम कोर्ट में केस हार चुके हैं।

रविशंकर प्रसाद ने नेशनल हेराल्ड मामले की चर्चा करते हुए कहा कि पूरा मामला ये है कि कांग्रेस पार्टी तो परिवार की ‘जेबी’ संस्था हो चुकी है। उनके नेता भी जेब पर हैं। अब कांग्रेस पार्टी की संपत्ति भी परिवार की जेब पर लाए जाने की कोशिश हो रही है।

उन्होंने कहा कि नेशनल हेराल्ड एक अखबार था। बाद में अखबार बंद हो गया, उस पर देनदारी हो गई। बहुत ही छंद तरीके से 90 करोड़ रुपये का लोन दिया गया। एक पारिवारिक संस्था यंग इंडिया बनाई गई।

पूर्व कानून मंत्री ने यह कहते हुए आरोप लगाया कि गैर कानूनी तरीके से नेशनल हेराल्ड की पूरी संपत्ति को यंग इंडिया को दे दिया गया। नेशनल हेराल्ड के पास हजारों करोड़ रुपये की संपत्ति है। कई शहरों पर ये संपत्ति है, जिसकी जमीन को कांग्रेस सरकारों ने सस्ते दाम पर दिया। उससे हजारों करोड़ रुपये का किराया आता है। ये है पूरा मामला।

उन्होंने बल देते हुए कहा कि एक तरफ हम हैं, जो कानून का, संस्थाओं का सम्मान करते हैं। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के सांसदों की यह कहते हुए आलोचना की कि दूसरी तरफ इनका आचरण देखिए। इनके मुख्यमंत्री दिल्ली में बैठे हुए हैं। सारे एमपी सदन छोड़कर, उनके समर्थन में ईडी और अन्य संस्थाओं का मनोबल गिरा रहे हैं।

You cannot copy content of this page