राज्यपाल ने गुरू जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की टीम को दी बधाई

Font Size

-खेलों इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2022 में कई पदक जीते

-विश्वविद्यालय के छात्रों ने तीरंदाजी में रजत, निशानेबाजी और योगा में कांस्य पदक हासिल किया

चण्डीगढ़, 02 मई। हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने बैंगलुरू में आयोजित खेलों इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2022 में गुरू जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की टीम द्वारा विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में पदक जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। विश्वविद्यालय के छात्रों ने तीरंदाजी में रजत, निशानेबाजी और योगा में कांस्य पदक हासिल कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। यह हरियाणा प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
खेलो इंडिया में आयोजित तीरंदाजी में खिलाड़ी भावना ने रजत पदक, योगा में मधु वर्मा, अनुष्का, प्रोमिला, रवीना और पूजा ने कांस्य पदक और निशानेबाजी में ईशा, किरण और मनीषा ने कांस्य पदक हासिल कर विश्वविद्यालय का मान बढ़ाया।
खेलों में छात्राओं की इस जीत पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए विश्वविद्यालय के कुलाधिपति व हरियाणा के राज्यपाल माननीय श्री बंडारू दत्तात्रेय ने विजेता छात्राओं, उनके अभिभावकों सहित उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए खेलों में उनकी मेहनत और परिश्रम की भरपूर सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की ओर से विश्वविद्यालयों में इस तरह के खेलों को आयोजित करने का मकसद नए एवं प्रतिभावान खिलाड़ियों को न केवल पहचान दिलाना है बल्कि उन्हें इन खेलों में देशभर के खिलाड़ियों में शामिल करवाना भी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा खेल के क्षेत्र में एक आदर्श राज्य बन चुका है। यह हरियाणा की खेल नीति व युवाओं में खेल के प्रति जज्बे और जोश की बदौलत हो पाया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रदेश सरकार व मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल बधाई के पात्र हैं।
उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो0 बीआर कंबोज व कुल सचिव श्री अवनीश वर्मा सहित पूरे विश्वविद्यालय परिवार को बधाई दी है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बी.आर कम्बोज ने भी खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के खेलों में खिलाड़ियों की खेल भावना ही उन्हें ख्याति दिलाती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कदम विश्विद्यालय का नाम रोशन करते है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर इस तरह के खेलों में खिलाड़ियों को बेहद कठिन प्रतिस्पर्धा से गुजरना पड़ता है और इन छात्राओं के टीम वर्क ने ये कर दिखाया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का खेल विभाग खिलाड़ियों को उत्तम सुविधाएं प्रदान कर रहा है और आगे भी उन्हें सर्वाेत्तम खेल सुविधाएं देने का हरसंभव प्रयास करेगा।

You cannot copy content of this page