गुरुग्राम जिला का होगा विजन डॉक्यूमेंट तैयार, विकास कार्यों को मिलेगी गति : निशांत कुमार यादव

Font Size

– कनेक्टिविटी, हेल्थ केयर , जल संरक्षण, गांवों को लाल डोरा मुक्त बनाने में मिलेगी मदद

– खेल सुविधाओं में विस्तार के साथ प्रदूषण के स्तर को कम करने को दी जाएगी प्राथमिकता

गुरुग्राम, 27 मार्च। गुरुग्राम जिला के विजन डॉक्यूमेंट में कनेक्टिविटी, हेल्थ केयर व शिक्षा, जल संरक्षण व जलाशयों का जीर्णोधार, प्रदूषण के स्तर को कम करने, गुरुग्राम के सभी गांवों को लाल डोरा मुक्त बनाना, जिला में खेल सुविधाओं में विस्तार के साथ गुरुग्राम को कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनाना आदि को शामिल किया जा सकता है।

गुरुग्राम के उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने शनिवार को मुख्य सचिव हरियाणा संजीव कौशल के समक्ष उपरोक्त प्राथमिकता का उल्लेख किया था। मुख्य सचिव श्री कौशल शनिवार को गुरुग्राम में गुरुग्राम डिवीजन के अंतर्गत पड़ने वाले जिलों के उपायुक्तों के साथ विजन डॉक्यूमेंट तैयार करने को लेकर बैठकर रहे थे। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संबोधन से प्रेरणा लेने उपरांत मुख्य सचिव श्री कौशल ने प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्तों को पत्र लिखकर अपने जिला के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार करने की हिदायत दी थी।

विजन डॉक्यूमेंट से उनका अभिप्राय वास्तव में क्या है, इसके बारे में उन्होंने सबसे पहले गुरुग्राम के लोक निर्माण विश्राम गृह में आयोजित गुरुग्राम डिवीजन के उपायुक्तों की इस बैठक में बताया। श्री कौशल ने उपायुक्तो का मार्गदर्शन करने के साथ सन 1990 से लेकर अब तक के अपने विभिन्न स्तर पर अलग अलग भूमिकाओं में रहते हुए प्राप्त प्रशासनिक अनुभव भी इनके साथ सांझे किए ।

उन्होंने कहा कि डीसी के तौर पर आपका सुनहरा वक्त होता है जब आप जिलावासियों के जीवन में बेहतरी के बदलाव लाने के लिए बहुत कुछ कर सकते हैं, जिनकी बाद में स्मृतियां रह जाती हैं। उन कामों को आप याद करके अच्छा अनुभव कर सकते हैं। साथ ही जिलावासियों के लिए भी आपके कार्यकाल का समय एक यादगार बन सकता है।

मुख्य सचिव के आदेशानुसार उपायुक्तों ने अपनी अपनी प्रथिमिकताएं बताई जिसे वे अपने जिला के विजन डॉक्यूमेंट में शामिल कर सकते हैं। इसी कड़ी में गुरुग्राम के डीसी निशांत कुमार यादव ने भी मुख्य सचिव के समक्ष अपनी प्राथमिकताओं का उल्लेख किया और बताया कि वे जिला में कनेक्टिविटी सुधारने की दिशा में काम करेंगे, जिसमें, दोनों ट्रैफिक और मोबाइल नेटवर्क की कनेक्टिविटी शामिल है। इसके लिए सड़कों, एलिवेटेड रोड़, ब्रिज आदि के निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करवाने को प्राथमिकता देंगे।

साथ ही मोबाइल टावर लगवाकर मोबाइल नेटवर्क में सुधार करवाएंगे, जिससे कि जिला में कहीं भी कॉल ड्रॉप की समस्या ना रहे। इसी प्रकार, मेट्रो के विस्तार पर भी ध्यान दिया जाएगा। मेट्रो की जो परियोजनाएं मंजूर हो चुकी हैं, संबंधित एजेंसियों से तालमेल करके उन पर काम शुरू करवाने के प्रयास किए जाएंगे। श्री यादव ने अलग अलग प्रोजेक्टों की समय सीमा भी निर्धारित करवाने की बात कही, जिसमें 3 महीने, 6 महीने, एक साल या उससे ज़्यादा अवधि में पूरी हो सकने वाली परियोजनाओं को रखा जाएगा । फिर उन कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करवाने के गंभीरता से प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि जिला में सरकारी स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की जरूरत को देखते हुए गुरुग्राम में पुराने नागरिक अस्पताल के स्थान पर नया अस्पताल भवन बनाने को प्राथमिकता दी जाएगी ताकि आम जनता को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। यही नहीं, जिला के ग्रामीण क्षेत्र में गांवों को लाल डोरा मुक्त करवाया जाएगा, जिसके लिए संबंधित एजेंसियों को इस काम में तेजी लाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

श्री यादव ने गुरुग्राम जिला में घटते भू जलस्तर का भी उल्लेख करते हुए और कहा कि इसके लिए परियोजनाएं बनाने और उनको धरातल पर उतारने के प्रयास किए जाएंगे। इनमें मुख्य रूप से जल संरक्षण करते हुए जलाशयों का जीर्णोधार शामिल है।

जिला में खेल सुविधाओं में विस्तार करने की परियोजनाओं को विजन डॉक्यूमेंट में शामिल किया जाएगा। यही नहीं, जीएमडीए, नगर निगम और कम्पनियों के सहयोग से जिला में प्रदूषण के स्तर को कम करते हुए लोगों का जीवन बेहतर बनाने की भी प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए जहाँ सम्भव होगा उन स्थानों पर पौधारोपण करके हरियाली बढ़ाई जाएगी , जो कि जिलावासियों के लिए ‘ ग्रीन लंग्स’ का काम करेंगे।

Table of Contents

You cannot copy content of this page