पंजाब में अब भाजपा-अमरिंद्र गठबंधन सरकार बनेगी  :  अनिल विज

Font Size

गृह मंत्री ने सांसद औवेसी पर भी साधा निशाना, औवेसी की समझ पर सारे देश में प्रश्नचिन्ह लगा

गुरनाम सिंह चढूनी के पार्टी बनाए जाने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा

चंडीगढ़, 18 दिसम्बर : हरियाणा के गृह मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि “पंजाब में लोग अन्य दलों के करतब व रंग-ढंग देख चुके हैं, इसलिए अब पंजाब में आने वाला समय भाजपा-अमरिंद्र सिंह गठबंधन का ही होगा”। इसके अलावा, उन्होंने महिलाओं के लिए विवाह की न्यूनतम आयु 18 वर्ष से 21 वर्ष तक करने के सरकार के फैसले का विरोध जताने वाले सांसद असदुद्दीन ओवैसी को भी आड़े हाथों लिया और कहा कि औवेसी की समझ के ऊपर तो सारे देश में प्रश्नचिन्ह लगा हुआ है।

श्री विज ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंद्र सिंह द्वारा भाजपा के साथ गठबंधन कर आगे चुनाव लड़ने के ऐलान पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

गृह मंत्री अनिल विज ने पंजाब में भाजपा और पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंद्र सिंह के बीच हुए गठबंधन पर कहा कि पंजाब में भाजपा और अमरिंद्र सिंह गठबंधन की ही सरकार आगे बनेगी। उन्होंने कहा यह गठबंधन पूरी तरह से आने वाले चुनावों में पंजाब में विजय प्राप्त करेगा। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग अन्य सरकारों को देख चुके हैं और सभी के करतब और रंगढंग से वह भली-भांति परिचित हैं। अब आने वाला समय नए भाजपा-अमरिंद्र सिंह की गठबंधन सरकार का होगा और इसलिए इसी गठबंधन की ही सरकार पंजाब में बनेगी।

केंद्र सरकार के लड़कियों की विवाह की उम्र 21 वर्ष अनिवार्य किए जाने के फैसले का विरोध जताने वाले सांसद असदुद्दीन ओवैसी पर गृह मंत्री विज ने पलटवार किया है। गृह मंत्री विज ने कहा कि औवेसी की समझ के ऊपर तो सारे देश में प्रश्नचिन्ह लगा हुआ है और वह चीजों को सही संदर्भ में नहीं सोच सकते। उन्होंने कहा कि सरकार ने बहुत कुछ सोच समझकर और विचार करके लड़कियों की शादियों की उम्र को 21 वर्ष किया और इस प्रकार से लड़की पूरी तरह से समझदार एवं व्यस्क होगी और वह चीजों को भली-भांति समझ सकेगी।

किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी द्वारा अपनी अलग से राजनीतिक पार्टी बनाने पर गृह मंत्री विज ने कहा कि देश में हर आदमी को छूट है और हिंदुस्तान में प्रजातंत्र है। प्रजातंत्र में एक आदमी भी पार्टी बना सकता है और दो वाला भी और सौ आदमी भी पार्टी बना सकते हैं, लेकिन इससे कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है।

You cannot copy content of this page