उपायुक्त ने अधिकारियों व कर्मचारियों को पढ़कर सुनाई भारत के संविधान की प्रस्तावना

Font Size

लघु सचिवालय में मनाया गया संविधान दिवस

गुरूग्राम, 26 नवंबर। गुरूग्राम जिला प्रशासन द्वारा आज संविधान दिवस मनाया गया। इस दौरान उपायुक्त डा. यश गर्ग ने सभी लघु सचिवालय स्थित सभागार में उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को भारत के संविधान की प्रस्तावना पढ़कर सुनाई। इस अवसर पर उनके साथ नगराधीश सिद्धार्थ दहिया भी थे।

डा. गर्ग ने कहा कि हर भारतीय नागरिक के लिए आज का दिन बेहद खास होता है क्योंकि आज ही के दिन 1949 में भारतवर्ष में औपचारिक रूप से संविधान को अंगीकार किया था। यह संविधान ही है जो हमें एक आजाद देश का आजाद नागरिक की भावना का अहसास करवाता है। जहां संविधान के दिए मौलिक अधिकार हमारी ढाल बनकर हमें हमारा हक दिलाते हैं, वहीं इसमें दिए मौलिक कर्तव्य हमें हमारी जिम्मेदारियां भी याद दिलाते हैं।

देश के संविधान की रचना बाबा साहिब भीमराव अंबेडकर की अध्यक्षता में गठित कमेटी द्वारा की गई थी जिसमें देशवासियों ने भारत को एक संपूर्ण प्रभुत्व संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने के लिए सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार , अभिव्यक्ति , विश्वास , धर्म और उपासना की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा और अवसर की समता प्राप्त करवाने व देश की एकता और अखंडता सुनिश्चित करने वाली बंधुता बढ़ाने के लिए संविधान को अंगीकृत किया।

उल्लेखनीय है कि भारत का संविधान विश्व का सबसे बड़ा संविधान है। इसेे तैयार करने में 2 वर्ष 11 महीने 18 दिन का समय लगा। गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान लागू हुआ था। सरकार ने 19 नवंबर 2015 को राजपत्र अधिसूचना की सहायता से 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में घोषित किया।

Table of Contents

You cannot copy content of this page