स्वतंत्रता संग्राम में हरियाणा की भूमिका थीम पर आधारित डिजिटल प्रदर्शनी का शुभारम्भ वीरवार को

Font Size

– विधायक सुधीर सिंगला करेंगे प्रदर्शनी का उद्घाटन

– 21 से 25 अक्टूबर तक राजकीय कन्या महाविद्यालय सेक्टर -14 में लगाई जायेगी प्रदर्शनी : संयुक्त निदेशक एनसीआर

गुरुग्राम 20 अक्टूबर :  आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग हरियाणा की ओर से गुरुग्राम जिला में वीरवार 21अक्टूबर से पांच दिवसीय डिजिटल प्रदर्शनी लगाई जा रही है जिसका विधिवत उद्घाटन गुरुग्राम के विधायक सुधीर सिंगला करेंगे।  यह प्रदर्शनी राजकीय कन्या महाविद्यालय सेक्टर -14 में लगाई जा रही है। इसमें भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में हरियाणावासियों की भूमिका को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है।

सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग हरियाणा के संयुक्त निदेशक (एनसीआर) रणबीर सिंह सांगवान ने डिजिटल प्रदर्शनी के बारे में बताया कि वीरवार से प्रदर्शनी जिला वासियों के लिए खुलेगी जिसमें जिला के शिक्षण संस्थान, सामाजिक संगठनों के सदस्यगण सहित अन्य लोग स्वतंत्रता संग्राम में हरियाणा की अतुलनीय भागीदारी का विश्लेषण देखेंगे और पढ़ेंगे। यह प्रदर्शनी बहुत ही शिक्षाप्रद है और इसे देखने से देश के स्वतंत्रता के इतिहास के बारे में रोचक जानकारियां मिलेंगी।

उन्होंने बताया कि देश भर में भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इस महोत्सव को लेकर सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग हरियाणा द्वारा भारत के स्वतंत्रता संग्राम में हरियाणा के योगदान पर आधारित प्रदर्शनी तैयार की गई है, जो प्रदेश के विभिन्न जिलों से होते हुए आज बुधवार को गुरुग्राम पहुंची है। यह प्रदर्शनी जिला गुरुग्राम में 21 से 25 अक्टूबर तक रहेगी।

उन्होंने बताया कि सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग हरियाणा के महानिदेशक डा.अमित कुमार अग्रवाल के निर्देशानुसार व उपायुक्त डॉ यश गर्ग के मार्गदर्शन में पांच दिवसीय डिजिटल प्रदर्शनी में ऐतिहासिक पहलुओं के साथ ही हरियाणा विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से प्रदत्त सेवाओं की भी जानकारी प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने बताया कि वीरवार से जिलावासी इस प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए स्वतंत्रता संग्राम में हरियाणा की भूमिका की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और अपना ज्ञान वर्धन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिला के विद्यार्थी इस पांच दिवसीय प्रदर्शनी में भागीदार बनकर स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी ऐतिहासिक जानकारियां हासिल कर सकते हैं। प्रदर्शनी में प्रवेश बिल्कुल निशुल्क रखा गया है। गुरुग्राम के राजकीय कन्या महाविद्यालय सेक्टर 14 में प्रदर्शनी का समय प्रात: 9:30 बजे से सायं 4:30 बजे तक रहेगा।

चंडीगढ़ से सीएम ने किया था प्रदर्शनी का शुभारम्भ :

श्री सांगवान ने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ‘आजादी के आंदोलन में हरियाणा का योगदान’ विषय पर चण्डीगढ़ स्थित हरियाणा सिविल सचिवालय से डिजिटल प्रदर्शनी का विगत दो सितंबर को उद्घाटन किया था। अब यह प्रदर्शनी जिलावार आयोजित की जा रही है। उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शनी प्रदेशभर के सभी जिलों को कवर करेगी। इस प्रदर्शनी में डिजिटल क्लिप ऑन बोर्ड स्थापित किए गए हैं। प्रदर्शनी में स्वतंत्रता संग्राम में स्थानीय व गुमनाम नायकों से सम्बन्धित लेखों एवं फोटोज के साथ-साथ वर्ष 1966 में हरियाणा के गठन के बाद से अब तक हरियाणा में हुए विकास की तुलनात्मक जानकारी उपलब्ध करवाई गई है। इतना ही नहीं, हरियाणा विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आम जनमानस तक पहुंचाई जा रही कानूनी सेवाओं का भी उल्लेख डिजिटल प्लेटफॉर्म पर किया गया है।

You cannot copy content of this page