जे पी नड्डा का आरोप : कांग्रेस के टूलकिट में लिखा है योग को और असम की चाय को बदनाम करो

Font Size

नयी दिल्ली/दिसपुर  : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने आज असम भाजपा की कार्यकारिणी को सम्बोधित करते हुए कहा कि जब असम में 15 साल कांग्रेस की सरकार रही, तब यहां सांप्रदायिकता, अलगाववाद का जन्म हुआ और विकास को नकारा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कार्यकाल में भ्रष्टाचार की नई-नई दुकानें प्रदेश में खुल गईं। तब हर जगह भ्रष्टाचार होता था और कमीशनखोरी होती थी।उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस का टूलकिट देखा होगा, उसमें लिखा है कि योग को और असम की चाय को बदनाम करो। जिससे हमारी दुनिया में ख्याति होती है, ये उसे बदनाम करने की बात करते हैं। कांग्रेस के लोगों को कोई माफ नहीं करेगा।

 

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि   पिछले 5 वर्षों में सर्बानंद सोनोवाल और हेमंत विश्वा शर्मा के नेतृत्व में जिस तरीके से असम ने विकास किया, साम्प्रदायिकता वाद को छोड़कर विकास की गति पकड़ी और असम प्रदेश के विकास को पटरी पर लाने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि उसपर असम की जनता ने मुहर लगाकर शाबाशी दी है।असम में गत चुनाव में एनडीए को 126 में से 75 सीटें मिली हैं, इसके लिए मैं असम की जनता को भाजपा की तरफ से धन्यवाद देता हूं।

श्री नड्डा ने कहा कि एक तरफ असम में जहां सांप्रदायिकता और अलगाववाद के बीज बोये जा रहे थे। लेकिन असम की जनता ने इन सबको नकार दिया और भाजपा के विकास के नारे को आगे बढ़ाया है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जब मैं अपनी युवावस्था के काल को याद करता हूं, जब  मैं विद्यार्थी परिषद का कार्यकर्ता था।उस समय कहा जाता था कि ‘कश्मीर हो या गुवाहाटी, अपना देश अपनी माटी’।हम सब जानते हैं कि असम पूर्वोत्तर का गेटवे है। वैचारिक पृष्ठभूमि में भी असम में भाजपा का परचम लहराता है, तो हमारे लिए पूर्वोत्तर का दरवाजा खुलता है।

 

उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान मैंने कहा था कि ये जो राजनीतिक पर्यटक हैं, ये सिर्फ चुनाव के समय दिखते हैं।आज चुनाव के बाद भी मैं कह सकता हूं कि दूर -दूर तक कांग्रेस पार्टी और बदरुद्दीन की पार्टी दिखाई नहीं देती है।हम चुनाव भी लड़ते हैं और चुनाव जीतने के बाद समाज की सेवा में भी जुट जाते हैं।

 

उन्होंने दावा किया कि असम में भी भाजपा के लाखों कार्यकर्ता सेवा ही संगठन के माध्यम से जनता की सेवा में लगे हैं। लेकिन कांग्रेस पार्टी चुनाव में आती है और इसके नेता चुनाव के बाद गायब हो जाते हैं।

 

उन्होंने कोरोना व्यवस्था की चर्चा करते हुए कहा कि पहले असम में ऑक्सीजन का उत्पादन 45 मीट्रिक टन था, जो अब 100 मीट्रिक टन हो गया है। ऑक्सीजन की भंडारण क्षमता पहले 200 मीट्रिक टन थी, अब ये बढ़कर 400 मीट्रिक टन हो गई है।असम में 45 दिन के अंदर ही ये काम किए गए हैं, इसके लिए मैं आपको बधाई देता हैं।

 

उन्होंने कहा कि भारत का टीकाकरण अभियान दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे तेज अभियान है। आज हम टीकाकरण में अमेरिका, फ्रांस, ब्रिटेन, जर्मनी जैसे देशों से आगे निकल गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने 35,000 करोड़ रुपये टीकाकरण के लिए आवंटित किए हैं।इस कार्यक्रम के लिए हमने 10 जुलाई को चुना है।

 

उन्होंने ऐलान किया कि 10 जुलाई से भाजपा के कार्यकर्ता इस कार्यक्रम से जुड़ेंगे और अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक योजना का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करेंगे।

प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना की चर्चा करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इसके अंतर्गत पिछले वर्ष की तरह इस बार भी अप्रैल से लेकर दीपावली तक 80 करोड़ लोगों को हर महीने 5 किलो गेहूं/ चावल और 1 किलो दाल देने का निर्णय लिया गया है।प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना के अंतर्गत न्यूनतम प्रीमियम पर 3,000 रुपये प्रति महीने पेंशन किसानों के लिए दी है। जबकि इससे पहले किसी ने सोचा तक नहीं था कि किसानों को भी पेंशन मिल सकती है। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी जी ने इसको साकार किया है।

You cannot copy content of this page