मदनलाल ग्रोवर के निधन पर दर्जनों राजनेता व समाजसेवी शोक संवेदना प्रकट करने पहुंचे, शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया

Font Size

श्रद्धांजलि सभा का आयोजन शुक्रवार को

गुरुग्राम। जिले की सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि गुरुग्राम के महान दानवीर व कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मदनलाल ग्रोवर के निधन पर शोक व्यक्त करने प्रताप नगर स्थित उनके पैतृक आवास पर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए मदनलाल ग्रोवर के निधन पर शोक संवेदना प्रकट की और उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने भगवान से उनकी आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह आघात सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

मदनलाल ग्रोवर के निधन पर दर्जनों राजनेता व समाजसेवी शोक संवेदना प्रकट करने पहुंचे, शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया 2


शोक व्यक्त करने वालों में गुरुग्राम के विधायक सुधीर सिंगला, रेवाड़ी के विधायक चिरंजीव राव, प्रदेश के पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव, पूर्व मंत्री राव धर्मपाल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सुरजेवाला, भाजपा के पूर्व विधायक जाकिर हुसैन, सोहना से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रोहतास बेदी, अनिल यादव, भाजपा विधानसभा निगरानी कमेटी के चेयरमैन सुमेर सिंह तंवर, नगर निगम पार्षद आरएस राठी, सुभाष सिंगला, कपिल दुआ, नगर निगम के पूर्व वरिष्ठ उपमहापौर यशपाल बत्रा, सेवानिवृत्त एसपी विजिलेंस महाराज सिंह, सतवीर पहलवान, डेयरी विकास प्रसंघ के पूर्व चेयरमैन जीएल शर्मा के पुत्र सुमित शर्मा, पूर्व पार्षद मंगतराम बागड़ी, दिलीप साहनी, भाजपा नेता समाजसेवी नवीन गोयल, समाजसेवी पवन पाहूजा बंटी, तारा टुटेजा, मुकेश शर्मा पहलवान, भीमराव, कांग्रेस नेता प्रदीप जैलदार, पूर्व पार्षद नीलम बालू, केंद्रीय श्री सनातन धर्मसभा के प्रधान सुरेंद्र खुल्लर, आर्य केंद्रीय सभा गुरुग्राम के प्रधान लक्ष्मणदास पाहूजा शामिल रहे।


उन्होंने कहा कि मदनलाल ग्रोवर बहुत ही मृदुभाषी, मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने अपना जीवन समाज के लिए समर्पित कर दिया। उनका हर वर्ग, हर व्यक्ति से लगाव था। हमेशा ही वे जरूरतमंद लोगों की सेवा में जुटे रहे। उनके निधन से समाज को गहरा आघात पहुंचा है। हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज सेवा के कार्य करने चाहिए। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। गौरतलब है कि शहर के प्रसिद्ध समाजसेवी व महान दानवीर मदनलाल ग्रोवर का 13 अप्रैल, मंगलवार को निधन हो गया। वे पिछले कई दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे।


उन्हें शहर के पारस अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन का समाचार प्राप्त होते ही शहर में उनके चाहने वालों में शोक की लहर दौड़ गई। सभी ने इस दुःख की घड़ी में उनके पुत्र मोहित ग्रोवर व परिवार को सांत्वना के सन्देश भेजे। उनका अंतिम संस्कार मदनपुरी स्थित रामबाग में किया गया। उनकी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन 16 अप्रैल शुक्रवार को सायं 3 बजे से 4 बजे तक पटौदी रोड स्थित ग्रोवर फार्म पर किया जाएगा।

मदनलाल ग्रोवर के निधन पर दर्जनों राजनेता व समाजसेवी शोक संवेदना प्रकट करने पहुंचे, शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया 3

You cannot copy content of this page