विधानसभा उप चुनाव : भाजपा ने तीन राज्यों की नौ सीटों पर उम्मीदवार घोषित किया

Font Size

नई दिल्ली, 13 अक्टूबर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी विधानसभा उप चुनावों के लिए तीन राज्यों के नौ प्रत्याशियों की सूची जारी की है। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने मंगलवार को यह सूची जारी की है। इस सूची में भाजपा ने नागालैंड की एक विधानसभा सीट, उत्तर प्रदेश की छह विधानसभा सीटों और कर्नाटक की दो सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा की सात सीटों पर उप चुनाव होने हैं, जिसमें भाजपा ने छह सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं, एक सीट पर अभी उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। भाजपा ने अभी देवरिया सीट पर उम्मीदवार घोषित नहीं किया है।


भाजपा ने पूर्व मंत्री दिवंगत चेतन चौहान की पत्नी संगीता चौहान को अमरोहा की नौगांव सादत से उम्मीदवार बनाया है। संगीता चौहान दिल्ली विश्वविद्यालय से बीए ऑनर्स, एलएलबी की डिग्री लेने के बाद कई बैंकों में उच्च पदों पर नौकरी कर चुकी हैं। पति की राजनीतिक विरासत आगे बढ़ाते हुए अब वह सक्रिय सियासत की पारी शुरू कर रही हैं। वहीं, बुलंदशहर से पूर्व विधायक दिवंगत वीरेंद्र सिंह सिरोही की पत्नी ऊषा सिरोही को उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने जौनपुर के मल्हनी विधान सभा क्षेत्र से मनोज सिंह को उम्मीदवार घोषित किया है।


देश की 54 विधानसभा सीटों पर उप चुनाव होने हैं। उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, नगालैंड, कर्नाटक, झारखंड, हरियाणा, गुजरात और छत्तीसगढ़ में ये चुनाव होने हैं। इन सीटों पर तीन नवंबर को मतदान होंगे और 10 नवंबर को परिणाम घोषित किया जाएगा।

कांग्रेस ने राकेश मिश्रा को मल्हनी से बनाया प्रत्याशी
कांग्रेस ने राकेश मिश्रा को उत्तर प्रदेश विधानसभा के आगामी उप चुनाव के लिए जौनपुर जिले के मल्हनी विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार के रूप में चुना है।
 

You cannot copy content of this page