यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा 4 को, गुरुग्राम् में 50 परीक्षा केंद्र , व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन की बैठक

Font Size

गुरुग्राम 1 अक्टूबर। संघ लोक सेवा आयोग की 4 अक्टूबर रविवार को आयोजित होने वाली सिविल सर्विसिज प्रारंभिक परीक्षा को सफलता पूर्वक करवाने के लिए आज बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में संघ लोक सेवा आयोग की ओर से डॉ कुलबीर सिंह और डॉ आरके अवस्थी ने गुरुग्राम के लघु सचिवालय स्थित मीटिंग हॉल में सभी ड्यूटी मैजिस्ट्रेट और लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसर व अन्य अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने सभी को परीक्षा के संबंध में सभी आवश्यक जानकारी दी। सभी अधिकारियों को पीपीटी के माध्यम से महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

सिविल सर्विसिज परीक्षा देशभर में 4 अक्टूबर को आयोजित की जा रही है और देशभर में उम्मीदवार 2569 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा देंगे। परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की जाएगी, पहला सत्र सुबह 9ः30 बजे से 11ः30 बजे तक का रहेगा और दूसरा सत्र दोपहर 2ः30 बजे से लेकर 4ः30 बजे तक का होगा। 

जिला प्रशासन की ओर से अतिरिक्त उपायुक्त प्रशांत पवार ने बताया कि सिविल सर्विस परीक्षा के लिए गुरुग्राम जिला में इस बार 50 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, और इन केंद्रों पर 17 हजार 109 उम्मीदवार परीक्षा देंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट और लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसर नियुक्त किए गए है। 14 ड्यूटी मैजिस्ट्रेट और 50 लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसर 4 अक्टूबर को केंद्रों पर अपनी ड्यूटी देंगें।

 उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण के चलते परीक्षा केंद्रों पर सामाजिक दूरी का पालन सुनिश्चित किया जा सके, इसके लिए इस बार उम्मीदवारों के लिए परीक्षा केन्द्र पर एक घंटा पहले पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों के एंट्री गेट समय से एक घंटा पहले खोल दिए जाएंगे  साथ ही परीक्षा शुरू होने से 10 मिनट पहले इन गेटो को बंद कर दिया जाएगा जिसके बाद किसी को एंट्री नहीं दी जाएगी।

उन्होंने सभी को बताया की परीक्षा में किसी भी प्रकार के मोबाइल फोन या इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पर पूरी तरह से प्रतिबंध है।केवल उम्मीदवार अपने साथ अपना ई-एडमिट कार्ड लेकर आएं। साथ ही वह अपना पहचान पत्र भी साथ लाए, उम्मीदवार अपना वहीं पहचान पत्र साथ लाए जिसकी जानकारी उम्मीदवार के एडमिट कार्ड पर मौजूद है।

उन्होंने कहा कि ड्यूटी मैजिस्ट्रेट के साथ-साथ लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसर, सुपरवाइजर, असिस्टेंट सुपरवाइजर, कोऑर्डिनेट सुपरवाइजर, वेन्यू सुपरवाइजर की भी ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा एक व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित की जाए ,किसी भी उम्मीदवार को कठिनाई न आए  साथ ही सभी केंद्रों पर नियमो का पालन हो इस बात का विशेष तौर पर ध्यान रखा जाए।

आज आयोजित बैठक में संघ लोक सेवा आयोग की ओर से डॉ कुलबीर और डॉ अवस्थी के साथ जिला प्रशासन की ओर से अतिरिक्त उपायुक्त प्रशांत पवार, एसडीएम सोहना डॉ चिनार चहल, जिला शिक्षा अधिकारी इंदू बोकन, जिला परियोजना अधिकारी संगीता , एसीपी हेडक्वार्टर उषा सहित कई अन्य अधिकारी गण उपस्थित रहे।

Table of Contents

Comments are closed.

You cannot copy content of this page