गुरुग्राम, 19 जून । गुरुग्राम सिविल डिफेंस के नियंत्रक एवं उपायुक्त अमित खत्री के निर्देशानुसार उप नियंत्रक एवं तहसीलदार मनीष यादव के नेतृत्व में सिविल डिफेंस वालंटियर्स द्वारा कोरोना से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया।

गत सांय गुरुग्राम के सदर बाजार, मस्जिद चौक, बसई रोड, भूतेश्वर मंदिर आदि क्षेत्र में कोरोना महामारी से बचाव के लिए मास्क वितरित किए गए।

आज शाम को भी भूतेश्वर मंदिर, खांडसा रोड मंडी में भी जागरूकता के साथ मास्क वितरित किए जाएंगे।
कोरोना वायरस के कारण तालाबंदी के दौरान सिविल डिफेंस, गुरुग्राम द्वारा जरूरतमंदों को विभिन्न सेवाएं मुहैया कराई जा रही हैं। इस दौर में इस समय सभी वालंटियर्स तन मन धन से अपनी अपनी सेवाओं को कर रहे हैं।

सिविल डिफेंस की टीमें 21मार्च से ही निरंतर जमीनी स्तर पर पहुंच कर काम कर रही है। विभिन्न संस्थाओं और संगठनों ने सिविल डिफेंस के कार्यो की भूरी भूरी प्रशंसा की है। गुरुग्राम के सिविल डिफेंस टीम द्वारा पहले भी हर छोटी बड़ी आपदा में प्रशासन का सहयोग निरंतर किया जाता रहा है। कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम के लिए देशव्यापी लॉकडाउन के प्रथम चरण से ही सिविल डिफेंस ने गुरुग्राम में लोगों को सजग करने का अभियान शुरू कर दिया था। प्रचार के विभिन्न माध्यम जिसमें पंपलेट और लाउडस्पीकर का भी उपयोग करते हुए शहर के सभी आवासीय क्षेत्रों में प्रशासनिक आदेश के बारे में लोगों को अवगत कराना और संक्रमण से बचने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी गाइडलाइन की जानकारी देने का जबरदस्त अभियान पिछले दो माह में चलाया गया।
सिविल डिफेंस के वॉलिंटियर्स लोगों को लगातार घर से बाहर निकलने के दौरान फेस मास्क पहने को प्रेरित कर रहे हैं जबकि कामकाज के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग मेंटेन करने के लिए भी जागरूक कर रहे हैं। लोगों को उनकी दिनचर्या में हैंड सेनीटाइजर का थोड़े समय अंतराल में उपयोग करने एवं अपने आसपास साफ सफाई का पूरा ख्याल रखने का संदेश भी दे रहे हैं। इसके अलावा संक्रमित मरीजों की देखभाल करने या फिर संक्रमण की आशंका के मद्देनजर तत्काल स्वास्थ्य विभाग से या फिर संबंधित डॉक्टर से संपर्क कर जांच करवाने की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी दे रहे हैं। प्रशासन की ओर से घोषित कंटेनमेंट जोन में निर्धारित नियमों का पालन करने के लिए भी लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
उपायुक्त के निर्देश पर सिविल डिफेंस के कार्यकर्ताओं ने अपनी जान की परवाह किए बिना कोरोनावायरस के रूप में दिन रात काम किया और लोगों तक पका हुआ भोजन या कच्चा राशन पहुंचाने में प्रशासन के साथ एवं सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर सराहनीय भूमिका अदा की। जिले में उत्पन्न आकस्मिक परिस्थिति में सिविल डिफेंस जनहित में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता अभियान हो या फिर आम जनता की सुरक्षा का मुद्दा सभी प्रकार की जिम्मेदारियों का निर्वहन करने में सिविल डिफेंस सदा आगे रहता है।
यही कारण है कि कोविड-19 वायरस संक्रमण की महामारी की रोकथाम के लिए जिला उपायुक्त के आह्वान पर इस बार सिविल डिफेंस से बड़े पैमाने पर लोग जुड़े और जनहित के लिए स्वयं को समर्पित करने की शपथ ली। आपदा प्रबंधन के लिए गठित सिविल डिफेंस के लोगों को भी इस बार कोविड-19 रोकथाम के लिए काम करने के दौरान शहर की जनता का भी भरपूर समर्थन मिला।
