राहुल गांधी बोले, 56 इंच सीने वाले पीएम लोकसभा में 1 मिनट भी नहीं बोल पाए’

Font Size

जयपुर। राजस्थान के जयपुर में बोलते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर जमकर निशाना साधा। रफाल मामले को लेकर मोदी पर हमला बोलते हुए राहुल ने कहा कि 56 इंच की छाती वाले पीएम लोकसभा में एक मिनट के लिए भी नहीं आ पाए। पीएम मोदी पर तंज करते हुए राहुल बोले कि उन्होंने रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण को सदन में अपनी रक्षा करने के लिए भेजा। जनता की अदालत से चौकीदार भाग गया।

नई सरकार बनने के बाद राजस्थान में बोलते हुए राहुल गांधी काफी जोश में नजर आए। उन्होंने किसानों की कर्जमाफी को लेकर कांग्रेस की तारीफ की और मोदी सरकार की खूब आलोचना की। राहुल ने कहा कि देश के किसान और युवा बैकफुट पर बैटिंग न करें बल्कि फ्रंटफुट पर जाकर छक्का मारें।

राहुल गांधी ने सीबीआई मसले पर भी मोदी सरकार को सवालों के घेरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि रात के अंधेरे में सीबीआई डायरेक्टर को परे कर दिया गया। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें फिर से बहाल कर दिया। राहुल ने कहा कि रफाल मामले की जेपीसी होनी चाहिए। मोदी सरकार को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी से मोदीजी ने छोटे दुकानदारों को नष्ट कर दिया। बैंक का सारा पैसा अनिल अंबानी औप उनके दोस्तों को दे दिया। उन्होंने केंद्र सरकार पर सवाल दागते हुए कहा कि उन्होंने युवाओं, किसानों और छोटे दुकानदारों को कितना पैसा दिया?

अपने भाषण के दौरान राहुल काफी सख्त तेवर में दिखाई दिए। उन्होंने क्रिकेट की शब्दावली का इस्तेमाल करते हुए पीएम को कटघरे में खड़ा किया। राहुल ने कहा कि जब देश के युवा रोजगार मांगते हैं तब प्रधानमंत्री बैकफुट पर खेलते हैं लेकिन देश के किसानों और युवाओं को बैकफुट पर नहीं खेलना है। उन्हें फ्रंटफुट पर आकर छक्का मारना है। हिंदुस्तान के युवाओं और किसानों को डरने की जरूरत नहीं है।

Table of Contents

You cannot copy content of this page