ऐश्वर्या की खूबसूरती के दीवाने बने देश विदेश के लोग

Font Size

मुम्बई । ऐश्वर्या राय बॉलीवुड की उन अभिनेत्रियों में शुमार हैं, जिनकी खूबसूरती की मिसालें दी जाती हैं। मॉडलिंग की दुनिया में तहलका मचा चुकीं ऐश्वर्या राय ने जब 9 नवंबर 1994 को साउथ अफ्रीका में मिस वर्ल्ड का खिताब अपने नाम किया था तो पूरा भारत गर्व महसूस कर रह था। बाद में उन्होंने सिनेमा का रुख किया और कुछ ही सालों में अभिनय के मैदान में अपना बड़ा मुकाम बना लिया। 2009 में वे पद्मश्री से सम्‍मानित हुईं।

ऐश्‍वर्या से जुड़ीं कुछ दिलचस्‍प बातें :

ऐश्वर्या का जन्म 1 नवंबर 1973 को कर्नाटक के मैंगलोर में हुआ था। पिता आर्मी में बायोलोजिस्ट थे। ऐश का निकनेम गुल्‍लु है, वो कभी भी अभिनेत्री नहीं बनना चाहती थीं, पढ़ाई में काफी तेज़ थीं और कभी डॉक्टर तो कभी आर्किटेक्ट बनने का ख्वाब देखा करती थीं।

ऐश्वर्या ने तमिल फिल्म ‘इरूवर’ से अभिनय की दुनिया में कदम रखा। उसी साल ‘और प्यार हो गया’ से हिंदी फिल्मों में भी डेब्यू कर लिया। ‘जींस’ और ‘आ अब लौट चले’ जैसी फिल्मों के बाद आई फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ ने उन्‍हें स्टार बना दिया।

साल 2003 में ऐश्वर्या राय बच्चन ऐसी पहली भारतीय अभिनेत्री बनीं, जिन्होंने कान्स फिल्म फेस्टिवल में ज्यूरी मेंबर के तौर अपने देश का प्रतिनिधित्व किया था।

साल 2004 में ऐश्वर्या राय भारतीय सिनेमा की पहली ऐसी अभिनेत्री बनीं, जिनका मोम का पुतला लंदन के मैडम तुषाद म्यूजियम में लगाया गया। बिटेन में बार्बी डॉल की ऐश से प्रेरित कुछ लिमिटेड एडीशन भी रिलीज हुई थीं।

9 जून 2005 में नीदरलैंड में ऐश्वर्या राय को बड़ा सम्मान दिया गया। वहां के एक मशहूर गार्डन में एक खास किस्म के ट्यूलिप फूल का नाम ऐश्वर्या राय रख दिया था। ऐश को घड़ियां बहुत पसंद है जबकि गहनों से उन्‍हें कोई लगाव नहीं।

ऐश्वर्या राय बच्चन पहली भारतीय अभिनेत्री थीं जो साल 2005 में अमेरिका के मशहूर टीवी टॉक शो ‘द ओपरा विनफ्रे शो’ की मेहमान बनीं। ऐश्वर्या इस शो में दो बार शामिल होने वाली एकलौती भारतीय अभिनेत्री भी हैं।

ऐश्वर्या ने कई यादगार और ब्लॉकबस्टर फिल्में दीं पर ‘कुछ कुछ होता है’, ‘दिल तो पागल है’ और ‘राजा हिंदुस्तानी’ के अलावा कई और फिल्मों के ऑफर रिजेक्ट किए। ऐश ने भी माना कि उन्होंने कई ऐसी फिल्में रिजेक्ट कीं, जो उनके लिए मील का पत्थर साबित हो सकतीं थी।

ऐश्वर्या ने मिस वर्ल्‍ड बनने से पहले एक टीवी सीरियल के लिए डबिंग आर्टिस्ट के तौर पर ऑडिशन दिया था, लेकिन उन्हें रिजेक्ट कर दिया गया था। उन्‍होंने नवीं कक्षा में कैमलिन पेंसिल का एड भी किया था।

ऐश्वर्या एक ट्रेंड क्लासिकल डांसर और सिंगर भी हैं। निजी जिंदगी में सलमान खान के साथ और फिर विवेक ओबेरॉय के साथ उनका रिलेशनशिप काफी चर्चा में रहा। सलमान से ब्रेकअप के बाद ऐश की जिंदगी में अभिषेक बच्‍चन आए।

ऐश और अभिषेक फिल्म ‘उमराव जान’ के दौरान करीब आए। दोनों एक साथ घंटों तक शूटिंग लोकेशन से गायब रहते। इस वजह से एक बार जे पी दत्ता इस कदर गुस्से में आ गए थे कि उन्होंने फिल्म के लिए ऐश्वर्या की कॉस्ट्यूम के टुकड़े-टुकड़े कर दिए थे।

You cannot copy content of this page