जेल में ड्यूटी जाते होमगार्ड की तलाशी में मुंह से बरामद हुई स्मैक

Font Size

जोधपुर सेंट्रल जेल में नहीं थम रही है नशे की सप्लाई

जोधपुर। जोधपुर सेन्ट्रल जेल में ड्यूटी करने वाला एक होमगार्ड स्मैक ले जाते हत्थे चढ़ गया। ड्यूटी पर जाने के दौरान जेल में मुख्य गेट पर तलाशी के दौरान उसके मुंह में छुपाई छह ग्राम स्मैक बरामद होने पर रातानाडा थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। जांच कर रहे महामंदिर थानाधिकारी देवेन्द्र सिंह ने बताया कि खेड़ापा थानान्तर्गत सांवत कुआं निवासी होमगार्ड मांगीलाल (23) पुत्र मोहनलाल जाट को जेल में छह ग्राम स्मैक ले जाते गिरफ्तार किया गया है। उसने प्लास्टिक थैली में छह ग्राम स्मैक मुंह में छुपा रखी थी। उसको कोर्ट में पेश करने पर तीन दिन के रिमाण्ड पर लिया गया है। उसे 23 अक्टूबर को फिर से कोर्ट में पेश किया जाएगा।

आरोपी मांगीलाल की जेल में रात आठ से दो बजे तक ड्यूटी थी। वह रात आठ बजे ड्यूटी करने के लिए जेल पहुंचा तो मुख्य गेट पर उसकी तलाशी ली गई। इस दौरान उसके मुंह में प्लास्टिक थैली में सफेद पाउडर नजर आया। जांच करने पर वह छह ग्राम स्मैक निकली।

रातानाडा थाना पुलिस जेल पहुंची और छह ग्राम स्मैक बरामद कर उप कारापाल हरिप्रसाद कुमावत की तरफ से एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी होमगार्ड मांगीलाल जाट को गिरफ्तार किया। वह जेल में किसके लिए मादक पदार्थ ले जा रहा था।

इस संबंध में उससे पूछताछ की जा रही है। जेल में मादक पदार्थ ले जाने के मामले अगस्त 2016 : जोधपुर जेल में तलाशी के दौरान रमेश विश्नोई से 49 ग्राम अफीम जब्त। सितम्बर 2016 : जोधपुर जेल में मुकेश माली से 370 ग्राम चरस जब्त। दिसम्बर 2016 : जेल में तलाशी के दौरान जेल के गार्ड अशोक कुमार से 91 ग्राम अफीम जब्त।

You cannot copy content of this page