गुरुग्राम का चहुमुखी विकास करने की भाजपा ने पूरी कोशिश की : राव नरबीर सिंह

Font Size

– लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह का हंस एंक्लेव में हुआ भव्य स्वागत

– राव नरबीर ने स्वागत से खुश होकर लगाई घोषणाओं की झड़ी

– राव नरबीर बोले, जल्द होगा हंस एंक्लेव रेगुलराइज

गुरूग्राम, 9 सितंबर- हरियाणा के लोक निर्माण, वन तथा नागरिक उड्डयन मंत्री राव नरबीर सिंह ने आज कहा कि गुरुग्राम का भारतीय जनता पार्टी ने सही मायने में चहुमुखी विकास करवाने की कोशिश की है।  उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे रात को सोते समय इस बात का आकलन अवश्य करें कि पिछली सरकारों की तुलना में क्या भाजपा के वर्तमान लगभग 4 साल के कार्यकाल में गुरुग्राम में विकास के कार्य ज्यादा नहीं हुए, क्या यहां के लोगों को ज्यादा सुविधाएं मुहया करवाने की कोशिश नहीं की गई। निष्पक्ष होकर इमानदारी से सोचेंगे तो हमारा पलड़ा भारी मिलेगा।
राव नरबीर सिंह आज गुरुग्राम के हंस एंक्लेव में आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने यहां पर लोगों की समस्याएं भी सुनी और मौके पर ही नगर निगम के अधिकारियों को उनके समाधान के आदेश दिए।
वर्तमान भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए राव नरबीर सिंह ने कहा कि देश की जनता ने देख लिया है कि भाजपा के पास साफ नीयत और सही विकास करवाने का जज्बा है, भाजपा के पास  नेता  और काम करवाने की मंशा भी है। उन्होंने  कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की विदेशों में साख बढ़ी है और विदेशों में रहने वाले  भारतीयों को अब सम्मानजनक दृष्टि से देखा जाने लगा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए पहले दिन से ही प्रयास किए और इसमें काफी हद तक कामयाबी भी  मिली।
 
हरियाणा प्रदेश का जिक्र करते हुए राव नरबीर सिंह ने कहा कि हरियाणा बनने के बाद गुरुग्राम में अब भाजपा शासनकाल के दौरान हजारों करोड़ रुपए की परियोजनाएं आई जिनके बारे में यहां के लोगों ने कभी सोचा तक नहीं था। उन्होंने कहा कि कम से कम मेरे 30 वर्ष के राजनीतिक जीवन में तो इतनी परियोजनाएं गुरूग्राम को कभी नहीं मिली। राव नरबीर सिंह ने कहा कि गुरुग्राम में ट्रैफिक जाम की समस्या थी जिसे दूर करने के लिए हमने महत्वपूर्ण चौराहों पर फ्लाईओवर तथा अंडरपास बनवाये  हैं और इन पर इतनी तेजी से काम हुआ जितना पहले कभी नहीं हुआ। यही नहीं, अब विकास कार्य एस्टीमेट से कम लागत पर पूरे हो रहे, जो कि सरकार की मंशा को दर्शाता है।
 
 हंस एंक्लेव वासियों की समस्याएं सुनते हुए राव नरबीर सिंह ने कहा कि यहां पर स्वच्छ पेयजल आपूर्ति उपलब्ध करवाने के लिए वे व्यक्तिगत प्रयास करके हाईवे के नीचे से लाइन जोड़ने को  एनएचएआई से जल्द ही परमिशन दिलवा देंगे। इसी प्रकार,  सीवरेज की लाइनों को भी अनाज मंडी की तरफ से जुड़वाया जाएगा जिसके लिए दिल्ली- जयपुर  राष्ट्रीय राजमार्ग के नीचे से  लाइन जोड़ने के लिए एनएचएआई से अनुमति दिलवा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वे ये सभी कार्य जल्द से जल्द करवाने का प्रयास करेंगे। साथ ही उन्होंने हंस एंक्लेव में जगह उपलब्ध करवाने पर कम्युनिटी सेंटर बनवाने की भी घोषणा की। इस कॉलोनी को रेगुलराइज करवाने के बारे में राव नरबीर सिंह ने कहा कि उनकी यह मांग भी जल्द पूरी होगी। हंस एंक्लेव वासियों ने दिल्ली-जयपुर हाईवे के नीचे से एक अंडर पास बनवाने की भी मांग रखी, जिस पर राव नरबीर सिंह ने कहा कि वे फुट ओवर ब्रिज बनवा देंगे लेकिन उसके लिए जगह कॉलोनी वासियों को उपलब्ध करवानी होगी।
 
आज के इस कार्यक्रम में राव नरबीर सिंह के साथ नगर निगम के मुख्य अभियंता एन डी वशिष्ठ, एडिशनल मुंसिपल कमिश्नर वाईएस गुप्ता, कार्यकारी अभियंता राव भोपाल सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

You cannot copy content of this page