प्रदेश में नई बिजली नीति की घोषणा शीघ्र : कैप्टन अभिमन्यु

Font Size

चंडीगढ़, 3 सितंबर :  हरियाणा के वित्त एवं राजस्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि प्रदेश के हर गांव व घर को 24 घंटे बिजली देने के लिए प्रदेश सरकार एक ऐसी योजना बना रही है जो प्रदेश में नई क्रांति लेकर आएगी। इस योजना की जल्दी ही घोषणा की जाएगी।

कैप्टन अभिमन्यु ने यह जानकारी गत देर सायं नारनौंद हलका के विभिन्न गांवों में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का उदघाटन व शिलान्यास करते हुए दी। उन्होंने कहा कि हलकावासी पांच साल के लिए मुझमें चाबी भरते रहें और हलके में विकास के काम करवाते रहें।
वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने गांव हैबतपुर में हैबतपुर-गामड़ा के बीच 73.80 लाख रुपये से बनने वाली 1.835 किलोमीटर लंबी सडक़ का शिलान्यास किया। इसके अलावा उन्होंने गांव खेड़ी चोपटा में स्टेट हाइवे-10 पर जींद सीमा से चोपटा तक व चोपटा से बरवाला, अग्रोहा तक 10 करोड़ 76 लाख 29 हजार रुपये से सडक़ की चौड़ाई बढ़ाकर 10 मीटर करने की परियोजना का शिलान्यास तथा 10.20 करोड़ रुपये की लागत से छह गांवों के लिए तैयार हुई पेयजल परियोजना का उद्घाटन किया। इस परियोजना के माध्यम से खेड़ी लोहचब, खेड़ी जालब, नाडा, गैबी, राखी खास व शाहपुर गांवों के लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि हर गांव को शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है।

वित्त मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शहरों की तरह गांवों में भी 24 घंटे सस्ती दरों पर बिजली देने की महत्वपूर्ण योजना तैयार कर रही है। यह काम मुश्किल नहीं है और हम इसे जल्द सिरे चढ़ाएंगे। इस दिशा में सरकार जल्द ही एक योजना का खुलासा करेगी जो हरियाणा में नई क्रांति लेकर आएगी। ऐसा होने पर बच्चों के लिए पढ़ाई करना, ग्रामीण क्षेत्र में उद्योग-धन्धें लगाना तथा महिलाओं के लिए घर के काम करना आसान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आगे से किसानों को कभी भी यूरिया की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि सरकार ने अब कानून बना दिया है जिसके तहत दिसंबर के लिए यूरिया के पैसे मई-जून में ही प्रदेश सरकार द्वारा केंद्र सरकार को जमा करवाना अनिवार्य कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों, विधवाओं व दिव्यांगों को मिलने वाली 1800 रुपये पेंशन 1 नवंबर से बढक़र 2000 रुपये हो जाएगी। उन्होंने कहा कि हुड्डा सरकार ने 10 साल में बुजुर्गों की पेंशन 1000 रुपये की और उस पर भी नारे लिखवाकर शोर मचाया गया। मैं भी अक्सर इधर-उधर आते-जाते दीवारों पर करदी मौज बुढ़ापे मैं-1000 का नोट लिफाफे मैं जैसे नारे लिखे देखता था। लेकिन हमने चुपचाप बिना प्रचार का शोर मचाए, पेंशन को 2000 रुपये तक बढ़ाने का काम किया है।

वित्त मंत्री ने कहा कि परिवारवाद लोकतंत्र को डस रहा है जिससे प्रदेश को बचाने के लिए हमने पढ़े-लिखे जन-प्रतिनिधि तैयार करने की योजना बनाई और हरियाणा को पढ़ी-लिखी पंचायतें मिलीं। पंचायतों के माध्यम से प्रदेश को मिले 75 हजार शिक्षित जन-प्रतिनिधि भविष्य के नेतृत्व की नई पौध साबित होंगे। युवा जन-प्रतिनिधियों को राजनीति के प्रति जिम्मेदार बनाया गया है ताकि उन्हें किसी परिवार की गुलामी न करनी पड़े। उन्होंने कहा कि जनता ने सत्ता बदली लेकिन हमने व्यवस्था बदलने का काम किया है। उन्होंने हलका नारनौंद में अब तक करवाए गए सभी महत्वपूर्ण विकास कार्यों की जानकारी लोगों को विस्तार से दी।
जनसभा में ग्रामीणों ने हलके में करवाए गए कामों के लिए वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु की जमकर सराहना की और कहा कि चार साल में चालीस साल से भी ज्यादा विकास नारनौंद हलके का हुआ है। इस पर वित्त मंत्री ने कहा कि आप लोग पांच साल के लिए मुझमें चाबी भरते रहें और विकास के काम करवाते रहें। उन्होंने कहा कि मेरा सपना नारनौंद के हर गांव को शहरों की तर्ज पर विकसित करने का है जिसे पूरा करने के लिए मुझे आप सबका सहयोग चाहिए।

Table of Contents

You cannot copy content of this page