आप प्रमुख अरबिंद केजरीवाल ने की हरियाणा में पार्टी की स्थिति की समीक्षा

Font Size

अब चलेगा “मैं और मेरा परिवार आप के साथ अभियान”

एक लाख बैनर के सहारे लोगों में संदेश देने की दी हिदायत

रोहतक। दिल्ली में मुख्यमंत्री आवास पर सीएम अरविन्द केजरीवाल ने हरियाणा प्रभारी गोपाल राय, प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद, सह प्रभारी अजेश यादव के साथ हरियाणा के सभी 90 विधानसभा व सभी जिलों के आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों के साथ पार्टी की स्थिति की समीक्षा की। केजरीवाल के समक्ष सभी संगठन मंत्रियों ने अपने अपने विधानसभा क्षेत्रों व लोक सभा क्षेत्रों में पार्टी की नीतियों के प्रचार प्रसार की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर पार्टी प्रमुख ने प्रचार की रणनीति को लेकर कई हिदायतें दी और प्रत्येक वोटर तक पहुंचने की सलाह दी।

बैठक के दौरान अरविन्द केजरीवाल ने हरियाणा जोड़ो अभियान के पहले चरण की सफलता पर पार्टी कार्यकर्त्ताओं की सराहना की और बल दिया कि हरियाणा की जनता के लिए दिन-रात एक करना होगा तभी हम हरियाणा से सीबीआई (कांग्रेस, भाजपा, इनेलो) के फैलाए भ्रष्ट तंत्र को उखाड़ फेंकने में सफल होंगे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हर कार्यकर्ता अपने घर पर फ्लेक्स लगवाएंगे जिसमे “मैं और मेरा परिवार आप पार्टी के साथ” है लिखा होगा । उनका कहना था कि पूरे एक लाख फ्लेक्स पूरे प्रदेश में सभी कार्यकर्ता अपने घरों में लगवाएंगे |

बैठक में आप के हरियाणा प्रभारी गोपाल राय ने कार्यकर्त्ताओं को हौसला आफजाई की और मेहनत करने को प्रेरित करते हुए कहा कि हरियाणा को भ्रष्टाचारियों से बचाने के लिए आम आदमी पार्टी ही एकमात्र राजनीतिक विकल्प है।

बैठक के दौरान हरियाणा इकाई के प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने जानकारी दी कि हरियाणा जोड़ो अभियान के पहले चरण में आम आदमी पार्टी हरियाणा के सभी गांवों व शहरों में पहुंच चुकी है। केजरीवाल सरकार द्वारा दिल्ली में किए कामों को लेकर गई है। उन्होंने दावा किया कि जनता ने आम आदमी पार्टी के किये कामों की सराहना की है। आम आदमी पार्टी हरियाणा से भाजपा का खूंटा उखाड़ कर ही दम ही लेगी और “मैं और मेरा परिवार आप पार्टी के साथ” अभियान चला कर हर घर को आम आदमी पार्टी से जोड़ेंगे।

इस बैठक में हरियाणा के सह प्रभारी अजेश यादव ने भी कार्यकर्त्ताओं के साथ हरियाणा के संगठन पर व आगामी रणनीति पर बातचीत की । उन्होंने संगठन को और मजबूत करने का आश्वासन दिया।

आम आदमी पार्टी के बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र के संगठन मंत्री सूर्यदेव यादव ने बताया कि पार्टी की इस खास बैठक में सभी लोकसभा सन्गठन मंत्री, अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, महिला जिला अध्यक्ष, 90 विधानसभाओं से विधानसभा संगठन मंत्री , विधानसभा अध्यक्ष व विधानसभा सचिव मौजूद थे। 

You cannot copy content of this page