भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर अमेरिका ,चीन और पाकिस्तान ने भी शोक व्यक्त किया

Font Size

नईदिल्ली : भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर पूरे देश में शोक की लहर है। लंबी बीमारी के बाद गुरुवार शाम उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर सुनते ही विदेश से भी उनके समर्थक लगातार सोशल मीडिया के जरिए अपने प्रिय नेता को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। वाजपेयी के निधन पर चीन, पाकिस्तान, अमेरिका सहित कई देशों ने शोक व्यक्त किया है।

पाकिस्तान के भावी प्रधानमंत्री इमरान खान ने भी अटल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, ‘वो उपमहाद्वीप में एक महान राजनीतिक शख्सियत थे। भारत और पाकिस्तान के रिश्तों को सुधारने की उनकी कोशिशों को हमेशा याद किया जाएगा। विदेश मंत्री रहते हुए उन्होंने दोनों देशों के संबंधों को सुधारने का जिम्मा उठाया था।’

भारत में चीन के राजदूत लुयो झाओहुई ने भी गुरुवार को ट्वीट कर कहा है कि ‘माननीय अटल बिहारी वाजपेयी के निधन की खबर सुनकर गहरा दुख पहुंचा है। भारत-चीन के रिश्तों में उनके योगदान को कभी नहीं भूला जा सकता है।’

भारत में अमेरिका के राजदूत केन जस्टर ने ट्वीट में लिखा है कि ”पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर अमेरिका शोक व्यक्त करता है। अमेरिका-भारत के संबंधों को मजबूत करने और सहयोगियों को पहचानने के लिए उनके शानदार योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।’

भारत में ब्रिटेन के राजदूत ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हूए कहा कि ‘अटल बिहारी वाजपेयी की मौत की खबर सुनकर गहरा दुख पहुंचा है। हम उन्हें भारत के एक महान नेता के रूप में याद रखेंगे। एक राष्ट्राध्यक्ष के रूप में श्री वाजपेयी का ब्रिटेन में अलग सम्मान था।’

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि वाजपेयी के सुशासन, क्षेत्रीय शांति और समृद्धि के लिए उनके योगदान को हमेशा याद किय जाएगा।

You cannot copy content of this page