Font Size
रणदीप सुरजेवाला की अगुवाई में कांग्रेस में शामिल हुए प्रवेश मेहता ने बीजेपी पर बोला हमला
फरीदाबाद के विधायक और मंत्रियों पर लगाये जेब भरने के आरोप
कहा मंत्री का भतीजा, चाचा की आड में सरेआम भर रहा है जेब

उल्लेखनीय है कि प्रवेश मेहता ओल्ड फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के 30 साल पुराने नेता रहे हैं। वह चार बार मंडल अध्यक्ष के अलावा जिला भाजपा में सचिव, महासचिव, उपाध्यक्ष सहित प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य रहे। वर्ष 2000 में उनकी पत्नी प्रवीण कुमारी भाजपा की टिकट पर चुनाव जीतीं तो 2005 में खुद प्रवेश मेहता भाजपा की टिकट पर पार्षद बने। 2009 में भाजपा ने उन्हें विधानसभा चुनाव लड़ाया। इसमें उन्होंने बेहतर प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान पाया था।

हालांकि 2014 में जब पार्टी ने उनका टिकट काटकर विपुल गोयल को दे दिया तो मेहता ने बगावत कर दी और भाजपा छोडक़र इनेलो का दामन थाम लिया। इनेलो के टिकट पर मेहता ने विधानसभा का चुनाव लड़ा तो उन्हें तीसरे नंबर पर ही संतोष करना पड़ा। मगर उन्होंने 11 माह के बाद ही विपुल गोयल के माध्यम से ही भाजपा में वापसी की।
प्रवेश मेहता ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि मौजूदा भाजपा की नीतियों ने उन्हें आहत किया है. उन्हें मान सम्मान नहीं दिया गया इसलिये वह कांग्रेस की ओर गये हैं। मेहता ने साफ किया है कि भाजपा विपक्ष की भूमिका अच्छी निभाती है इसलिये वह भगवान से प्रार्थना करेंगे की भाजपा हमेशा विपक्ष में ही रहे। इतना ही नहीं मेहता ने फरीदाबाद के सभी बीजेपी विधायक व मंत्रियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह दोनो हाथों से शहर को लूट रहे हैं. क्योंकि उन्हें मालूम है कि दोबारा उन्हें मौका नहीं मिलेगा। इतना ही नहीं मेहता ने मंत्री के भतीजे पर भी भ्रष्ट्राचार के आरोप लगाए हैं कि मंत्री का भतीजा, मंत्री चाचा की आड में सरेआम जेब भर रहा है।