गुरुग्राम जिला की 191 पंचायतें हो रही हैं पोलिथीन मुक्त : राव नरबीर

Font Size
दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित ग्रीन इंडिया कॉन्फे्रंस में लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह ने भाग लिया।
गुरुग्राम, 04 जून। विश्व पर्यावरण दिवस पर नई दिल्ली में आयोजित प्रदर्शनी में हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह ने ‘ग्रीन इंडिया कांफ्रेंस’ में भाग लेने के उपरांत हरियाणा पंडाल का दौरा किया। इस मौके पर राव नरबीर सिंह ने मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए बताया कि राज्य सरकार प्लास्टिक से होने वाले प्रदूषण के प्रति सजग है और लोगों को पोलिथीन तथा प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस दिशा में अकेले गुरुग्राम जिला में 191 ग्राम पंचायतों ने अपने गांवों को पोलिथीन मुक्त बनाने का संकल्प लिया है और इसके लिए ग्राम पंचायतें प्रयासरत भी हैं। इन ग्राम पंचायतों द्वारा अब अपने गांव में पोलिथीन के प्रयोग को बिल्कुल बंद कर दिया गया है।
विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करने’ के विषय के संदर्भ में गत 02 जून से 05 जून तक नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित प्रदर्शनी में विभिन्न राज्यों ने भागीदारी की। हरियाणा प्रदेश ने इस प्रदर्शनी में अपना पंडाल स्थापित कर सक्रिय भागीदारी की।
हरियाणा पैवेलियन में प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करने के उपायों को सरल व बेहतर रूप में प्रदर्शित किया गया है। हरियाणा पैवेलियन के दौरे के दौरान हरियाणा के पर्यावरण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री देवेन्द्र सिंह भी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि नई दिल्ली में हरियाणा के अतिरिक्त स्थानीय आयुक्त श्री विवेक सक्सेना की देखरेख में हरियाणा पैवेलियन स्थापित किया गया। इस दौरे में राव नरबीर सिंह के साथ गुरुग्राम के वन मण्डल अधिकारी दीपक नंदा भी उपस्थित थे।

You cannot copy content of this page