विश्व पर्यावरण दिवस : सायबर हब में चलाया ‘नो ओपन वेस्ट’ अभियान 

Font Size

नगर निगम गुरूग्राम द्वारा आयोजित गतिविधियां

– मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर एवं निगमायुक्त ने निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाई पर्यावरण संरक्षण की शपथ
– अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वितरित किए कपड़े के थैले
– शहर वासियों को प्लास्टिक का उपयोग नहीं
करने का दिया संदेश
– स्वच्छता रैली सहित सफाई कर्मचारियों ने हाजरी प्वाईंटों पर ली पर्यावरण संरक्षण की शपथ

विश्व पर्यावरण दिवस : सायबर हब में चलाया ‘नो ओपन वेस्ट’ अभियान  2

गुरूग्राम, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस पर मंगलवार को नगर निगम गुरूग्राम द्वारा शहर में विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की गई। एक ओर जहां नगर निगम गुरूग्राम के कार्यालय में मेयर श्रीमती मधु आजाद, सीनियर डिप्टी मेयर श्रीमती प्रमिला गजेसिंह कबलाना एवं निगमायुक्त यशपाल यादव ने निगम एवं हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण एवं पॉलीथीन का उपयोग नहीं करने की शपथ दिलाई, वहीं अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कपड़े के थैले भी वितरित किए गए।

विश्व पर्यावरण दिवस : सायबर हब में चलाया ‘नो ओपन वेस्ट’ अभियान  3

इस मौके पर मेयर एवं निगमायुक्त ने नगर निगम एवं हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सैंकड़ों अधिकारियों एवं कर्मचारियों शपथ दिलाई कि सभी लोग प्लास्टिक एवं प्लास्टिक से बनी किसी भी वस्तु का इस्तेमाल नहीं करेंगे तथा बाजार जाते समय अपने साथ कपड़े या जूट का थैला लेकर जाएंगे। अपने कार्यस्थल पर पानी के लिए प्लास्टिक की एकल उपयोग बोतल का बहिष्कार करेंगे तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए वर्ष में कम से कम 5 पौधे लगाकर उनका पालन-पोषण भी करेंगे। इसके साथ ही अपने परिजनों तथा मित्रों को प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने के लिए प्रेरित एवं जागरूक करेंगे। गुरूग्राम को गंदगी एवं प्लास्टिक से मुक्त हरा-भरा, स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर बनाने में एक सैनिक एवं स्वच्छता दूत के रूप में कार्य करेंगे। मेयर ने नगर निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सांकेतिक रूप से कपड़े के थैले भेंट किए तथा उन्हें कहा कि वे स्वयं से प्लास्टिक के खिलाफ लड़ाई शुरू करें। जब भी बाजार जाएं यह थैला अपने साथ लेकर जाएं। जब आप लोग ऐसा करेंगे, तो आपको देखकर दूसरे लोग भी जागरूक होंगे।

विश्व पर्यावरण दिवस : सायबर हब में चलाया ‘नो ओपन वेस्ट’ अभियान  4

इस मौके पर मेयर श्रीमती मधु आजाद, सीनियर डिप्टी मेयर श्रीमती प्रमिला गजेसिंह कबलाना, निगमायुक्त यशपाल यादव, एडीशनल म्यूनिसिपल कमिशनर वाईएस गुप्ता, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के संपदा अधिकारी भारत भूषण गोगिया, नगर निगम के चीफ इंजीनियर एनडी वशिष्ठ, चीफ अकाऊंट ऑफिसर भारत भूषण कालरा, चीफ टाऊन प्लानर आरके सिंह सहित नगर निगम एवं हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सैंकड़ों अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने का दिया संदेश : विश्व पर्यावरण दिवस पर संभावना नाट्य मंच के कलाकारों ने स्थानीय रेलवे स्टेशन, भूतेश्वर मंदिर चौक तथा सैक्टर-31 मार्केट में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नागरिकों को प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने का संदेश दिया गया। कलाकारों ने बताया कि प्लास्टिक ना तो गलती है और ना ही नष्ट होती है। आज पूरा विश्व प्लास्टिक के उपयोग को बन्द करने के लिए संकल्प ले रहा है। नगर निगम गुरूग्राम द्वारा नागरिकों से आह्वान किया गया है कि वे प्लास्टिक एवं प्लास्टिक से बनी सभी वस्तुओं से परहेज करें तथा बाजार जाते समय कपड़े या जूट का थैला अपने साथ लेकर जाएं। इसके साथ ही गुरूग्राम को स्वच्छ, सुंदर एवं बेहतरीन शहर बनाने में अपना योगदान दें।

साइबर हब में चलाया गया ‘नो ओपन वेस्ट’ अभियान : नगर निगम गुरूग्राम द्वारा साइबर हब/साइबर सिटी में नो ओपन वेस्ट अभियान के तहत एक कियोस्क स्थापित किया गया। इसके माध्यम से विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नागरिकों को शैक्षिक खेलों, नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर कचरा अलग-अलग करने के बारे में जागरूक किया जा रहा है। कचरा अलग होने पर एक हरी धरती दिखाई गई है। इस अभियान के माध्यम से 3 जून से 5 जून तक साइबर हब में प्रतिदिन लगभग 30 हजार लोगों को जागरूक किया गया।

सैक्टर-34 में किया गया पौधारोपण : निगमायुक्त यशपाल यादव ने सैक्टर-34 में बेनेटन इंडिया कंपनी द्वारा मनाए गए विश्व पर्यावरण दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की तथा पौधारोपण करके पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर बेनेटन कंपनी के सीईओ संदीप चुघ, कंपनी सचिव शिखा शर्मा, डायरेक्टर विवेक मुखर्जी सहित कंपनी के अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

You cannot copy content of this page