किसान अपने उत्पादों की खुद करे मार्केटिंग तभी बढ़ेगी आमदनी : ओम प्रकाश धनखड़

Font Size

गाय-भैंसों को रखने के लिए अब सरकार बनाएगी पीजी

भाजपा किसान मोर्चा के तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण वर्ग का समापन

 
किसान अपने उत्पादों की खुद करे मार्केटिंग तभी बढ़ेगी आमदनी : ओम प्रकाश धनखड़ 2गुडग़ांव। न्यू पी डब्ल्यू डी रेस्ट हाउस, गुडग़ांव में पिछले दो दिनों से चल रहे भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय प्रशिक्षण वर्ग का रविवार को समापन हो गया। सत्र के अंतिम  दिन संगठन को मजबूत करने और देश भक्ति का जज्बा हर भारतवासी में कायम करने पर बल दिया गया। अंतिम दिन सत्र को भाजपा के राष्ट्रीय संगठक हृदय नाथ सिंह, हरियाणा के कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनखड़, हरियाणा के लोक निर्माण तथा वन मंत्री राव नरबीर सिंह, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, शिव प्रकाश आदि ने संबोधित किया। जबकि अतिथियों का स्वागत भाजपा किसान मोर्चा के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष  समय सिंह भाटी ने किया। यह प्रशिक्षण वर्ग पिछले शुक्रवार से चल रहा था जिसमें देश के हर राज्य से भाजपा किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
 
हरियाणा के कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ ने प्रशिक्षण वर्ग में हरियाणा में कृषि के क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा किए गए कार्यों का विस्तृत में चर्चा की और बाकायदा प्रजेक्टर के सहारे टीवी स्क्रीन पर आंकड़े प्रस्तुत कर सरकार की एक-एक योजनाओं के बारे में बतलाया। उन्होंने भाजपा किसान मोर्चा के पदाधिकारियों को हरियाणा में कृषि और पशुपालन के क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का क्षेत्र में जाकर जायजा लेने का भी न्योता दिया। उन्होंने कहा कि कृषि के क्षेत्र में हम नए-नए प्रयोग करते रहते हैं। इसके लिए हम समय-समय पर अधिकारियों का भी प्रशिक्षण आयोजित करते रहते हैं। इसके अलावा विदेशों में जहां-जहां उन्नत खेती और पशुपालन होता है वहां से हम सीख कर अपने राज्य में प्रयोग करने की कोशिश करते हैं। वर्तमान में इजराइल और ब्राजील के साथ मिलकर कृषि क्षेत्र में काम करने की योजना चल रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में न सिर्फ हरियाणा बल्कि भाजपा शासित कई अन्य राज्यों में भी कृषि के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं।किसान अपने उत्पादों की खुद करे मार्केटिंग तभी बढ़ेगी आमदनी : ओम प्रकाश धनखड़ 3
 

एर्गीकल्चर को एग्री सर्विस बनाए 

 
किसानों की समस्याओं  का जिक्र करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि आज किसानों के सामने सबसे बड़ा संकट है उन्हें उनके फसलों का सही दाम नहीं मिलना है। इसके लिए एर्गीकल्चर को एग्री सर्विस बनना पड़ेगा। हमें अपने उत्पादों की मार्केटिंग खुद करनी होगी। हमें अपने उत्पादों को थोक बाजार अथवा बिचौलिए को बेचने के बजाए डायरेक्ट मार्केटिंग के जरिए बेचनी होगी। तभी किसानों की आमदनी बढ़ सकती है। इसके लिए हरियाणा सरकार ने राज्य में 40 मंडियां अब तक बनाई है जहां किसान सीधे अपना उत्पाद बेच सकता है। इसके अलावा ऑन लाइन मार्केटिंग के माध्यम से भी किसान अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ता तक बेच सकता है। जब लोग 60 रुपए का पिज्जा ऑन लाइन खरीद कर खा सकते हैं तो सब्जी, फल और डेयरी प्रोडक्ट क्यों नहीं। इस दिशा में काम करते हुए राज्य सरकार ने अब तक राज्य के 54 मंडियों को ई पोर्टल के माध्यम से राष्ट्रीय बाजार से जोड़ दिया है।
 

गाय-भैंसों को रखने के लिए अब सरकार बनाएगी पीजी

 
ओम प्रकाश धनखड़ ने आगे कहा कि देशी गाय के दूध को प्रोसेस कर बाजार में बेचने वाला हरियाणा एकमात्र राज्य है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के किसानों को कृषि के क्षेत्र में सबसे अधिक आय डेयरी से हो रही है। डेयरी को बढ़ावा देने के लिए सरकार जगह-जगह इंडस्ट्रीयल एरिया की तरह डेयरी एरिया बनाने पर विचार कर रही है। जैसे लोगों को ठहरने के लिए जगह-जगह पीजी बने हुए हैं उसी प्रकार अब गाय-भैंसों को रखने के लिए भी राज्य में जगह-जगह पीजी बनाया जाएगा जहां उनको पालने से लेकर दूध निकालने का भी काम किया जाएगा। हमारे पास दुनिया की सबसे अच्छी भैंस है जिनकी कीमत नौ करोड़ रुपए तक है। हमारे पास 22 लाख दुधारू पशुओं की संख्या जिसमें 6 लाख देशी गायें और 9 लाख जर्सी गायें  है। इसके अलावा 340 गांवों को बागवानी विलेज बनाने की योजना है। राज्य में अनाज खरीद का जिक्र करते हुए कृषि मंत्री धनखड़ ने कहा कि 1966 के बाद से इस बार राज्य में सबसे अधिक 8 करोड़ 72 लाख क्विंटल अनाज की खरीद की गई। इसके अलावा फसलों का अधिकतम मुआवजा 6 हजार से बढ़ाकर 12 हजार रुपए तथा न्यूनतम मुआवजा 250 से बढ़ाकर 500 रुपए किया गया।
 
इस मौके पर भाजपा किसान मोर्चा के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष  समय सिंह भाटी , रामपाल यादव, चेतन शर्मा, किसान मोर्चा की प्रदेश मंत्री रेणु कौर सैनी, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष संदीप राघव, जिला महामंत्री नरेश नंबरदार बंटी, कर्मचंद यादव, अशोक यादव, अजय यादव, दीपक यादव, अजय सैनी, तिलक राज, अमित राघव, फरीदाबाद के जिला अध्यक्ष सुखबीर मलेरना, भाजपा की गुरुग्राम जिला उपाध्यक्ष मीनू शर्मा, पावनी जायसवाल, मुनेश गोदारा, चरखी दादरी, उषा पांचाल, भगवत दयाल, फरीदाबाद आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
 

हर भारतवासी में कायम करें देश भक्ति का जज्बा : हृदय नाथ सिंह

 
प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय संगठक हृदय नाथ सिंह ने कहा कि आज आवश्यकता है हर भारतवासी में देश भक्ति का जज्बा कायम करने की और यह काम भाजपा के कार्यकर्ता ही कर सकते हैं। क्योंकि देश में भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो भारत माता की जय के नारे लगाती है और जिसके कार्यकर्ताओं में देश भक्ति का भाव कूट-कूट कर भरा हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस भाव को कभी खत्म नहीं होने दें और आज की युवा पीढ़ी में ऐसा भाव भरे। उन्होंने कहा कि हम अपनी मातृभूमि को एक जीवित इकाई मानते हैं। यहां धरती माता की पूजा की जाती है। कोई भी भवन अथवा घर निर्माण से पहले हमारे देश में भूमि पूजन की परंपरा है। हमारे मन में अपनी मातृभूमि, देश की परंपराओं, धरोहरों और इतिहास के प्रति गहरा भाव भरा हुआ है। आज जरूरत है देश में इस भाव को जगाए रखने की।
 
हृदय नाथ सिंह ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी देश की सबसे बड़ी पार्टी है। केन्द्र से लेकर अधिकांश राज्यों में भी भाजपा की सरकारें हैं। ऐसे में भाजपा कार्यकर्ताओं का यह दायित्व बनता है कि वो देश को आगे बढ़ाने तथा देश का नाम विश्व पटल पर रोशन करने में हर संभव प्रयास करे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव में जाकर किसानों से मिलने और उनकी समस्याओं को सरकार के समक्ष रखने का अनुरोध किया। उनहोंने किसान मोर्चा के पदाधिकारियों से अपने-अपने राज्यों में एक अच्छा किसान नेता के रूप में उभरने का आह्वान किया तथा कहा कि यह तभी हो सकता है जब वे किसानों की भावनाओं और उनकी तकलीफों को समझेंगे।

You cannot copy content of this page