पार्टी के विकास में योगदान से अपनी भूमिका का आंकलन करें कार्यकर्ता : सुरेश भट्ट

Font Size

पार्टी के विकास में योगदान के साथ ही अपनी भूमिका का आंकलन करें कार्यकर्ता : सुरेश भट्ट

– झज्जर में भाजपा ओबीसी मोर्चा की एक दिवसीय कार्यशाला का हुआ आयोजन 

– पार्टी अध्यक्ष सुभाष बराला सहित कृषि मंत्री धनखड़, श्रम मंत्री सैनी व खाद्य मंत्री कंबोज हुए कार्यकर्ताओं ंसे रूबरू

झज्जर, 13 मई।  भारतीय जनता पार्टी की ओबीसी मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी बैठक रविवार को झज्जर के संवाद भवन में हुई। विभिन्न सत्रों में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री सुरेश भट्ट सहित भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, ओबीसी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष मदन चौहान, हरियाणा सरकार में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, खनन एवं श्रम राज्य मंत्री नायब सैनी तथा खाद्य एवं पूर्ति मंत्री कर्ण देव कंबोज ने प्रदेश भर से पहुंचे ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद किया। कार्यशाला का शुभारंभ पं.दीन दयाल उपाध्याय, डा.श्यामा प्रसाद मुखर्जी व भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि व दीप प्रज्ज्वलन करते हुए राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के साथ हुआ। 

भाजपा के संगठन मंत्री सुरेश भट्ट ने ओबीसी मोर्चा को पार्टी का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए कहा कि संगठनात्मक गतिविधि सही ढंग से चले, कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर प्रयासरत कर संगठन को मजबूत करें, हमारा संगठन कार्यकर्ता आधारित है, ओबीसी वर्ग के कार्यकर्ता ही आपके नेता है, प्रदेश का नेतृत्व भी आप करेंगे, पार्टी के विकास में योगदान के साथ ही अपनी भूमिका का आंकलन करने का मंत्र सभी कार्यकर्ताओं को अपनाना चाहिए। यह वर्ष लोकसभा चुनावों की तैयारियों का है, प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के उपरांत अपने-अपने जिला व मंडल स्तर की बैठक आयोजित करनी है। 

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि जन सेवा को समर्पित भारतीय जनता पार्टी केंद्र व प्रदेश में सरकार चला रही है और अंंत्योदय की भावना से हर आमजन मानस को लाभांवित किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जनता भाजपा की ताकत बने इसके लिए जन कल्याण योजनाओं का प्रचार प्रसार करने में सभी अपनी सक्रिय भूमिका अदा करें। उन्होंने कहा कि भाजपा के बढ़ते जनाधार से विपक्षी पार्टी अपना अस्तित्व बचाने के लिए एक हो रही हैं उन्हें जनता आने वाले 2019 के चुनाव में एक बार फिर 2014 की भांति सबक सिखाएगी, ऐसा वे कार्यकर्ताओं के मनोबल के आधार पर विश्वास दिलाते हैं। 

कार्यशाला के सांयकालीन सत्र में हरियाणा सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कार्यकर्ता का निर्माण एवं विकास विषय पर बेबाक राय रखी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता आधारित जनसंगठन ही भाजपा है। यह एक ऐसी पार्टी है जिसमें नेतृत्व करने का जज्बा हर कार्यकर्ता के सामने होता है और जो जितना बेहतर समर्पित भाव से कार्य करता है पार्टी में उतना ही बड़ा सम्मान संगठन की ओर मिलता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सार्मथ्य अनुसार आगे बढऩे के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि देश की बेहतरी में सभी को मिलकर योगदान देना होगा। उन्होंने कहा कि अपना बेस्ट देते हुए दूसरों से भी बेस्ट लेने की सोच के साथ आगे बढ़ें निश्चित तौर पर सामाजिक बदलाव में हर कार्यकर्ता उल्लेखनीय भूमिका निभाएगा। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कथन का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने रोहतक में आयोजित रैली मेें कहा था कि नेतृत्व ही मातृत्व है और मातृत्व ही नेतृत्व है। इसी अवधारणा के अनुसार आज भाजपा कार्यकर्ता का सम्मान करते हुए देश में अपना प्रभुत्व कायम कर रही है। 

भाजपा का इतिहास एवं विकास विषय को लेकर कार्यशाला में प्रदेश सरकार में खाद्य एवं पूर्ति मंत्री कर्ण देव कंबोज ने कहा कि संगठन के कार्यकर्ताओं की मेहनत के बलबूते आज पूरे देश में भगवा रंग शोभायमान हो रहा है। उन्होंने बताया कि 6 अप्रैल 1980 को भाजपा का गठन हुआ और उसके बाद निरंतर कार्यकर्ताओं के संघर्ष व त्याग के चलते भारतीय जनता पार्टी मजबूत संगठन के रूप में 11 करोड़ सदस्यों के साथ देश में विकासात्मक सोच को सार्थक करते हुए खड़ी है। उन्होंने पार्टी के बड़े नेताओं का सम्मान करते हुए कहा कि उनके दिखाए मार्ग पर हमें आगे बढऩा है और संगठन की मजबूती को बरकरार रखते हुए देश हित में कार्य करने हैं। 

खनन एवं श्रम राज्य मंत्री नायब सैनी ने कार्यशाला में भाजपा सरकार की साढ़े तीन साल की विकासात्मक गतिविधियों से कार्यकर्ताओं को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि भाजपा देश व प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभा रही है और समाज के अंतिम व्यक्ति तक को योजना का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से योजनाओं का धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व मेें प्रदेश में आ रहे विकासात्मक बदलाव में कार्यकर्ताओं को सहभागी बनते हुए संगठनात्मक रूप से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। 

एक दिवसीय कार्यशाला में भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष मदन चौहान ने वक्ताओं का स्वागत किया और मोर्चे की ओर से चलाई जा रही गतिविधियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि मोर्चे की ओर से इस प्रकार की संगठनात्मक कार्य के साथ ही जागरूकता से सराबोर कार्यशालाएं प्रदेश में समय-समय पर लगाई जाती हैं और हर आमजन तक पार्टी की जनहितकारी नीतियों को पहुंचाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं। कार्यशाला में पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम के चेयरमैन रामचंद्र जांगड़ा व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद यादव ने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिए जाने के विषय में विस्तार से जानकारी सांझी की। 

इस मौके पर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन जगबीर सिंह वर्मा, प्रदेश महामंत्री शंकर धूपड़, सुरेंद्र जांगड़ा, श्यामलाल जांगड़ा, देवेंद्र पांचाल, सतबीर सैनी, उषा प्रियदर्शी, शीशपाल बैरागी,योगेश शैवय, सुनीता चौहान, प्रदीप जांगड़ा, ओबीसी मोर्चा मीडिया प्रभारी विकास रोहिला, भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेंद्र दलाल, जिला अध्यक्ष भाजपा ओबीसी अत्तर सिंह यादव, महामंत्री मनोज जांगड़ा, सचेत कुमार, मंडल अध्यक्ष रामफल सैनी,  धनराज प्रजापत, सुनील रावत, संजय जांगड़ा, मनीष बंसल, सज्जन गुर्जर व सोमबीर यादव, जयनारायण यादव, अजय सिन्हा, उमेश चौहान, सतबीर यादव, मुकेश खेड़ी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

You cannot copy content of this page